सस्ता हुआ टमाटर, प्याज में आई तेजी, अभी और गिरेंगे दाम, बढ़ गया आयात

ALLAHABAD: मंडी में टमाटर को देखकर अब आहे नही भरनी पड़ेगी। इसके दाम तेजी से नीचे आ रहे हैं। शुक्रवार को थोक और फुटकर बाजार में टमाटर के दामों में कमी देखी गई। सब्जी व्यापारियों का कहना है कि बंग्लुरू से पर्याप्त माल आने से राहत की स्थिति बनी है। जबकि, इसके उलट प्याज की कीमत में उछाल दिखने लगी है। व्यापारियो की माने तो भविष्य में प्याज लोगों के आंसू निकाल सकता है।

2000 की जगह 1400 पहुंची कीमत

अभी तक थोक मंडी में टमाटर की कीमत दो हजार रुपए थी। जिसके चलते फुटकर मंडी में 80 रुपए प्रतिकिलो तक टमाटर की बिक्री हुई। इससे आम आदमी ने टमाटर से दूरी बना ली। लेकिन, शुक्रवार को थोक बाजार में 500 से 600 रुपए की कमी हो गई। इससे फुटकर में टमाटर 60 रुपए प्रतिकिलो तक पहुंच गया। मुंडेरा मंडी के थोक व्यापारियों का कहना है कि अभी तक प्रतिदिन 12 सौ क्विंटल माल आ रहा था जो बढ़कर दोगुना हो गया है। बंग्लुरू से माल का आयात बढ़ गया है.रोजाना तीन से चार गाड़ी माल आ रहा है जिससे डिमांड आसानी से पूरी हो रही है।

प्याज पर छाई महंगाई, लोग परेशान

टमाटर राहत देने लगा तो प्याज के तेवर तल्ख हो चले हैं। अभी तक बीस रुपए में सवा किलो बिकने वाला प्याज 35 से 40 रुपए किलो पहुंच गया है। व्यापारियों का कहना है कि अब प्याज महंगा होगा। दामों में बढ़त लंबे समय तक कायम रह सकती है। उनका यह भी कहना है कि मप्र की सरकार द्वारा हजारों क्विंटल प्याज की खरीदी किए जाने के बाद यह स्थिति पैदा हुई है। यही कारण है कि जिन किसानों पर प्याज मौजूद है, वह बढ़े दामों में बेच रहे हैं। मजबूरी में लोगों को महंगा प्याज खरीदना पड़ रहा है।

फैक्ट फाइल

टमाटर के वर्तमान दाम- 60 रुपए प्रति किलो

दो दिन पहले के दाम- 80 रुपए प्रतिकिलो

थोक के वर्तमान दाम- 1400 से 1500 रुपए

दो दिन पहले थोक के दाम- 2000 रुपए

प्याज के वर्तमान दाम- 40 रुपए प्रतिकिलो

दो दिन पहले प्याज के दाम- 20 रुपए प्रतिकिलो

प्रतिदिन टमाटर की खपत- 2400 क्विंटल प्रतिदिन

टमाटर के दाम में कमी आ रही है। थोक मंडी में टमाटर 600 रुपए तक कम हुआ है। जबकि फुटकर में साठ रुपए तक बिका है। बीस रुपए प्रतिकिलो दाम घटे हैं और भविष्य में दामो में अधिक गिरावट हो सकती है।

सतीश कुशवाहा, अध्यक्ष, मुंडेरा मंडी साग-सब्जी व्यापार मंडल

प्याज के दाम बढ़ रहे हैं। भविष्य में यह तेजी बनी रह सकती है। जिन किसानों के पास प्याज है वह इसके अधिक दाम मांग रहे हैं। इसकी वजह से लोगों को फुटकर में महंगा प्याज खरीदना पड़ रहा है।

दीपक मौर्य, आढ़त व्यापारी