-चेक दूसरे अकाउंट में हो गया कैश, कोतवाली में एफआईआर दर्ज

-दो अन्य बैंक से चेक गायब होकर कैश होने के मामले पहले आ चुके हैं सामने

BAREILLY: बैंकों से चेक गायब होकर दूसरे अकाउंट में कैश होने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बीते 15 दिनों में तीसरा मामला सामने आ चुका है। इस बार मामला सिविल लाइंस स्थित एक प्राइवेट बैंक का है। यहां काउंटर पर चेक जमा करने के बाद चंडीगढ़ के अकाउंट में रकम ट्रांसफर कर दी गई। चेक पुस्तक विक्रेता के कर्मचारी ने जमा किया था। पुस्तक विक्रेता ने बैंक कर्मचारियों के खिलाफ कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है। इससे पहले सिविल लाइंस की एक बैंक के ड्रॉप बॉक्स से चेक गायब हो चुका है और प्रेमनगर की एक ब्रांच से चेक दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर हो चुका है।

6 जून को लगाया था चेक

नेहरू पार्क, प्रेमनगर निवासी सुधीर गोयल की कोतवाली के सामने पुस्तक भंडार नाम से शॉप है। उन्होंने 6 जून को अपने कर्मचारी रमाकांत पाठक को करीब डेढ़ लाख रुपए का एक चेक एसके कटारिया एंड संस दिल्ली के खाते में डालने के लिए सिविल लाइंस स्थित प्राइवेट बैंक में भेजा था। यहां पर रमाकांत ने स्लिप भरने के बाद चेक लगाया था और मशीन से टोकन भी लिया था। उसने मैसेज आने के बाद ब्रांच की महिला कर्मचारी को चेक एनएफटी करने के लिए दे दिया था। महिला कर्मचारी ने उसे मैडम के आने पर चेक एनएफटी हो जाने के बात कहकर वापस लौटा दिया। 8 जून को एसके कटारिया ने रकम ट्रांसफर न होने की जानकारी सुधीर गोयल को दी। इस पर सुधीर गोयल बैंक पहुंचे तो उन्हें मैनेजर ने सही से जानकारी ही नहीं दी। उसके बाद बताया गया कि चेक चंडीगढ़ के सेक्टर 45 के रमन कुमार के अकाउंट में भुगतान हो गया है। किसी ने चेक में लगी स्लिप बदल दी और फर्जी सिग्नेचर भी कर दिए।