VARANASI

चेतगंज की प्रसिद्ध नक्कटैया 27 अक्टूबर को है, लेकिन अभी तक नगर निगम व अन्य विभागों ने तैयारियां शुरू नहीं की हैं। इससे रास्ते पर खराब सड़क, बदहाल सफाई व्यवस्था समेत अन्य बुनियादी समस्याएं बरकरार है। इससे श्रद्धालुओं की राह कठिन होगी। यह स्थिति तब है, जबकि आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त समेत अन्य अफसरों से नक्कटैया से पहले व्यवस्था को मेंटेन करने की मांग की थी। अफसरों ने चाक-चौबंद व्यवस्था करने का आश्वासन भी दिया था। इस समय मार्ग की स्थिति यह है कि लहुराबीर-चेतगंज मार्ग पर यूपी जलनिगम की गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई की ओर से चल रहे सीवरेज वर्क के चलते जगह-जगह मलवा पड़ा है। वहीं रोड्स भी बदहाल है। नगर निगम अफसरों के आश्वासन के बाद भी अब तक विशेष सफाई अभियान नहीं शुरू हो पाया। इससे गलियों में जगह-जगह कूड़ा पड़ा और नालियां बजबजा रही हैं। डिवाइडर्स से सटाकर लगाई गई सीवर सफाई के लिए पाइपलाइनें दुश्वारियां पैदा करेंगी।