RANCHI: राजधानी में छठ पर्व को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। व्रत करने वाले पूजन सामग्री की खरीदारी में भी जुट गए हैं। दो दिन बाद नहाय खाय के साथ चार दिनों का छठ महापर्व शुरू हो जाएगा। लेकिन सिटी के अधिकतर घाटों पर तैयारी धीमी चल रही है। अगर इसी रफ्तार से घाटों की सफाई का काम चलता रहा तो छठ से पहले तालाबों की सफाई नहीं हो पाएगी। बताते चलें कि दिवाली के पहले से ही तालाबों की सफाई का काम चल रहा है। इसके बावजूद सिटी के घाट अबतक तैयार नहीं हो पाए हैं।

तालाबों में गंदगी

सिटी के तालाबों में दिवाली के बाद मूर्तियों का विसर्जन किया गया है। वहीं लोगों ने पूजन सामग्री भी तालाब में विसर्जित कर दी। इससे एक-दो तालाबों को छोड़ हर जगह गंदगी का अंबार लगा है। लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी इसकी सफाई नहीं कराई जा सकी है। वहीं शुक्रवार को रांची नगर निगम के अधिकारियों ने तालाबों का इंस्पेक्शन भी किया।

इन तालाबों में है गंदगी

बड़ा तालाब

टुनकी टोली तालाब

चडरी तालाब

जेल तालाब

मेयर ने दिया था सफाई कराने का आदेश

मेयर आशा लकड़ा ने दिवाली से पहले सिटी के सभी तालाबों का निरीक्षण किया था। उन्होंने तालाबों को तत्काल साफ कराने का आदेश दिया था। साथ ही आदेश दिया था कि छठ से पहले तालाबों की सफाई कराकर ब्लीचिंग का भी छिड़काव कराया जाए। लेकिन अब छठ शुरू होने में एक दिन बाकी रह गया है। इसके बावजूद तालाबों की सफाई का काम नहीं हो पाया है।

दिव्यायन व तेतरटोली तालाब हो गए साफ

छठ को लेकर मोरहाबादी स्थित दिव्यायन और रिम्स डॉक्टर्स कॉलोनी के पीछे तेतर टोली तालाब की सफाई करा दी गई है। वहीं दोनों ही तालाबों में बनाए गए जलकुंड को भी साफ करा दिया गया है। इससे छठ करने वालों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होगी।

लोगों ने कहा

हर साल तालाबों की सफाई हो जाती थी। इस बार बस दो दिन बचे हैं और तालाबों की सफाई नहीं हो पाई है। हमलोग भी तालाबों में जमा कचरा हटाएंगे। ताकि छठ करने वालों को किसी तरह की परेशानी न हो। चूंकि छठ पर्व में सफाई का बहुत महत्व है।

प्रकाश गुप्ता

छठ में सफाई को लेकर ध्यान रखा जाता है। लेकिन अबतक सफाई नहीं कराए जाने से हमलोग थोड़े परेशान हैं। एक-दो दिनों में आसपास के लोग भी मिलकर सफाई करा लेंगे। नगर निगम भी इसके लिए तैयारी करता है। लेकिन इस साल रफ्तार थोड़ी धीमी है।

शिवा पासवान

वर्जन

हमने अधिकारियों के साथ तालाबों का निरीक्षण किया है। शहर में मूर्ति विसर्जन का सिलसिला जारी है। शनिवार को भी कुछ तालाबों में विसर्जन होगा। लेकिन रविवार तक सभी तालाबों की सफाई करा ली जाएगी। इसके बाद छठ करने वालों को कोई समस्या नहीं होगी।

गिरजा शंकर प्रसाद, अपर नगर आयुक्त, आरएमसी