RANCHI: राजधानी में नाबालिग अपराध की दुनिया में कदम रख रहे हैं। ऐसे ही चार नाबालिगों को सुखदेवगनगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पहाड़ी मंदिर के पीछे से पकड़ा है। चारों अपराध की योजना बना रहे थे। पुलिस ने इनके पास से चार लोडेड पिस्टल व एक चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार अपराधी सुखदेव नगर इलाके के रहने वाले हैं। इनकी गिरफ्तारी पहाड़ी मंदिर के पीछे से हुई है।

पुलिस ने खदेड़कर पकड़ा

राजधानी में अपराध की घटनाओं में हुई वृद्धि के बाद पुलिस रात में लगातार गस्त कर रही है। इसी बीच सूचना मिली कि कुछ युवक संदिग्ध हालात में खड़े हैं। इनके पास हथियार भी है। इसी सूचना पर पुलिस की टीम ने रेड मारा। पुलिस को देखकर अपराधी फरार होने की कोशिश करने लगे, लेकिन उन्हें खदेड़ कर पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि चारों मिलकर अपराध की योजना बना रहे थे, जिसे पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पकड़े गए अपराधियों में एक नाबालिग बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

दिन में बेचते थे खिलौना, राम में चोरी करता था कुबड़ा गैंग

-रातू चट्टी स्थित जेवर दुकान में घुसे थे 10, रंगेहाथ पकड़ाए

रातू थाना पुलिस ने ऐसे चोरों को धर दबोचा है, जो दिन में रांची के मेन रोड में खिलौने बेचते थे। कडरू मोड़ स्थित एक बड़े मॉल के सामने सोते थे। यह काम इनका पेशा नहीं, बल्कि ये सब रेकी करने के लिए करते हैं कभी ये खिलौने बेचते थे, कभी बलून बेचकर रेकी करते थे और फिर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। शहर से सटे रातू चट्टी स्थित रामजी ज्वेलर्स में मंगलवार रात चोर गिरोह के दस लोग चोरी करने घ़ुसे थे। जिन्हें पुलिस ने रंगेहाथ पकड़ लिया। पकड़े गए सभी चोर उत्तरप्रदेश के झांसी जिला के रहने वाले हैं। इनके पास से पुलिस ने ताला तोड़ऩे वाली दो खंती भी बरामद की है। चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस से बचकर भागने के लिए चोरों ने पुलिस पर जमकर पत्थरबाजी की। इसमें कई पुलिसकर्मियों को चोट भी लगी है। गिरफ्तार सभी चोरों का सरगना कुबड़ा नामक का शख्स है।

खिलौने बेचने के दौरान की थी रेकी

रातू चट्टी स्थित रामजी ज्वेलर्स की रेकी चोरों ने कई महीने से कर रखी थी। चोरों का सरगना कुबड़ा ने खिलौने बेचने के क्रम में ज्वेलरी दुकान की रेकी कर रखी थी। उसी ने गिरोह को सूचना दी थी कि दुकान में लाखों के जेवरात हैं। उसे पता था कि दुकान के पीछे चहारदीवारी है, जहां से दुकान में प्रवेश किया जा सकता है। प्लानिंग के तहत सभी चोर दो ऑटो बुक कर घटना को अंजाम देने के लिए पहुंचे थे।

कमर में बांधे हुए थे पत्थर

गिरफ्तार सभी चोर पत्थर से लैस थे। सभी अपनी कमर में गमछे के सहारे पत्थर बांधे हुए थे। सभी चोरों के पास दर्जनों पत्थर थे। अगर रातू पुलिस कमजोर पड़ती तो जान-माल का भी नुकसान हो सकता था। चोरों ने बताया कि इस घटना में सफलता मिलने के बाद वे विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी को अंजाम देने वाले थे। सभी गिरफ्तार आरोपी न्यूपंप हाउस थाना बबीना जिला झांसी उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। वर्तमान में सभी रांची के मेनरोड स्थित बिग बाजार के पास फुटपाथ में रहते हैं। गिरफ्तार सभी चोरों को बुधवार को जेल भेज दिया गया।