चीनी अरबपतियों की सूची हुरून रिच लिस्ट में सबसे ऊपर हैं 55 वर्षीय ल्यान्ग वेनगुन। उन्होंने निर्माण उपकरण के व्यवसाय से अकूत धन कमाया है।

चीन जिस तेज़ी से आर्थिक विकास कर रहा है उसे देखते हुए यही कहा जा सकता है कि वेनगुन ने पैसे कमाने के लिए सही सेक्टर को चुना है क्योंकि चीनी आर्थिक विकास में एक बड़ा योगदान बड़ी-बड़ी निर्माण परियोजनाओं का है। चीन के हर हिस्से में बड़ी संख्या में सड़कों, पुलों और हवाई अड्डों का निर्माण हो रहा है।

ल्यान्ग वेनगुन की कंपनी सैनयी निर्माण परियोजनाओं के लिए डिग्गर और क्रेन जैसी भारी मशीनें उपलब्ध कराती है। चीन के धनवानों की ताज़ा सूची में वेनगुन की निजी संपत्ति 11 अरब डॉलर बताई गई है।

साल भर में 82 नए अरबपति

इस साल चीन में अरबपतियों की कुल संख्या 271 बताई गई है। पिछले साल ये संख्या मात्र 189 थी। हालाँकि सूची तैयार करने वाले प्रकाशन हुरून रिपोर्ट का कहना है कि चीन में अरबपतियों की असल संख्या और भी ज़्यादा हो सकती है क्योंकि बहुत उद्योगपति और व्यवसायी अब भी बड़ी मात्रा में बेनामी संपत्ति रखते हैं।

यानि दुनिया भले ही अब भी 2008 के वित्तीय संकट के बुरे असर से उबरने की कोशिश कर रही हो, चीन में महाधनवानों की संख्या अप्रत्याशित गति से बढ़ती जा रही है। लेकिन महंगाई और ग़रीब-अमीर के बीच लगातार बढ़ते फ़ासले के मद्देनज़र ल्यान्ग वेनगुन की दौलत पर शायद हर चीनी नहीं इतरा रहा होगा।

International News inextlive from World News Desk