RANCHI : क्रिसमस से पहले लास्ट संडे लोगों ने जमकर शॉपिंग की। शॉपिंग को लेकर लोगों का उत्साह देखते बन रहा था। बच्चों से लेकर बड़े, बूढ़े सभी ने अपनी-अपनी पसंद की शॉपिंग की। इस दौरान पुरुलिया रोड में लोगों की काफी भीड़ देखने को मिली। वहीं मेन रोड, बहु बजार, अपर बाजार, डेली मार्केट का हाल भी ऐसा ही रहा।

खूब बिके सांता के ड्रेस

क्रिसमस ईव को लेकर सांता क्लॉज के ड्रेस की बिक्री सबसे अधिक हुई। छोटे बच्चों से लेकर बड़ों तक के साईज के ड्रेस बिके। पुरुलिया रोड के स्टॉल ओनर, रेव बताते हैं कि इस बार पॉलिटिकल पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सबसे ज्यादा सांता के ड्रेस खरीदे हैं।

डेकोरेशन आइटम और ग्रंथों की भी खूब हुई बिक्री

क्रिसमस में अब तीन दिन ही बचे है। इसे देखते हुए सजावट के सामानों की भी खूब बिक्री हुई। जिसमें कैंडल, स्टार्स, बेल, बॉल्स, स्टीक, ट्री की डिमांड रही। वहीं चरनी, यीशु की प्रतिमा, ग्रंथ और म्यूजिकल सीडी की भी लोगों ने खरीदारी की। क्रिसमस में खाने-पीने पर भी लोगों का जोर रहता है। इसे देखते हुए भी बाजार में कई स्टॉल डिस्प्ले के साथ लगाए गए है। इस मौके पर खासकर बनाए जाने वाले प्लम केक के साथ रेडिमेड अरसा की भी लोगों ने खरीदारी की।

प्यार और एकता का संदेश देता है क्रिसमस

दिसंबर आते ही क्रिसमस का इंतजार भी लोग बड़े जोर-शोर से करने लगते हैं और पूरा शहर यीशु मसीह के जन्म की तैयारी में लग जाता है। क्रिसमस प्रेम और आनंद का त्योहार है। यीशु हमें एक-दूसरे को प्यार करने, एक-दूसरे को समझने और मदद करने की शिक्षा देते हैं। हमें यीशु के बताए मार्ग पर चलना चाहिए। तभी हम सही मायने में अपने दिल में यीशु को ला पाएंगे। यह हमें प्यार और एकता का संदेश देता है। सिर्फ क्रिसमस के दिन ही नहीं बल्कि अपनी पूरी जिंदगी को ही क्रिसमस बना लें और हर दिन को क्रिसमस की तरह जिएं, तभी हम यीशु के करीब होंगे।

असीम मिंज

अधिवक्ता, रांची