कर्नलगंज के बाद शहर की दूसरी सबसे पुरानी कमेटी है सिटी बारवारी

यहां इस बार आयोजित महोत्सव में चार चांद लगाएंगे पुरुलिया के कलाकार

ALLAHABAD: शहर में इन दिनों बारवारी कमेटियों की ओर से दुर्गा पूजा महोत्सव के लिए तैयार कराए जा रहे पंडालों को अंतिम रुप दिया जा रहा है। कर्नलगंज के बाद शहर की दूसरी सबसे पुरानी सिटी बारवारी की ओर से 136वें वर्ष में आयोजित होने वाले दुर्गा पूजा महोत्सव में इस बार अभिनव प्रयोग कर चार चांद लगाने के लिए पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से एक दर्जन कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। इन कलाकारों के जरिए वहां के पारंपरिक छाऊ नृत्य की दो दिनों तक प्रस्तुति की जाएगी।

मंदिर की पताका का दिखेगा नजारा

हीवेट रोड स्थित इंडियन ग‌र्ल्स इंटर कालेज के परिसर में होने वाले दुर्गा पूजा महोत्सव के लिए अगस्त के अंतिम सप्ताह से पंडाल को बनाने का काम चल रहा है। कोलकता के दो दर्जन से अधिक कलाकारों के द्वारा 75 फीट की ऊंचाई का पंडाल बनाया जा रहा है। इसमें मंदिर के साथ उसके ऊपर की ओर फहरने वाली ध्वज-पताका का लुक दिखाई देगा। पंडाल बारह अक्टूबर तक बनकर तैयार हो जाएगा।

सीसीटीवी की निगरानी में पंडाल

कालेज परिसर में बनाया जा रहा पंडाल वाटर प्रूफ होगा। पंडाल में ग्यारह फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से परिसर में आधा दर्जन सीसीटीवी कैमरा लगाए जाएंगे। अग्निशमन यंत्र भी लगाया जाएगा। गेट पर चेकिंग की भी व्यवस्था की जाएगी।

पूजा महोत्सव में खास

14 : महापंचमी मेला, देवी बोधन व आगोमनी

15 : श्लोक प्रतियोगिता व सांस्कृतिक कार्यक्रम

16 : ऊषा आरती, नव पत्रिका प्रवेश, पुष्पाजंलि व प्रसाद वितरण

17 : महाअष्टमी पूजा, भोग निवेदन, संधि पूजा व संध्या आरती

18 : महानवमी पूजा, पुष्पाजंलि, हवन, भोग वितरण व संध्या आरती

19 : दशमी पूजा, दर्पण विसर्जन, सिंदूर खेला उत्सव, विसर्जन और शांतिजल का कार्यक्रम

हर वर्ष दुर्गा पूजा महोत्सव में कुछ अलग तरीके का सांस्कृतिक कार्यक्रम कराया जाता है। इस बार दो दिनों तक पुरुलिया का छाऊ नृत्य ही मुख्य आकर्षण का केन्द्र होगा।

अमिताभ बसु, अध्यक्ष, सिटी बारवारी कमेटी

सौ वर्षो से अधिक समय से सिटी बारवारी पारंपरिक तरीके से महोत्सव का आयोजन कर रही है। सुरक्षा की दृष्टि से पंडाल को वाटर प्रूफ व सीसीटीवी से लैस किया जाएगा।

नेहा शुक्ला, सचिव, सिटी बारवारी कमेटी