- गणपति पूजनोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर, 17 सितम्बर से शुरू हो रहा है पर्व

- मूर्तियों को अंतिम रुप देने में जुटे कारीगर

VARANASI : गणपति बप्पा मोरया, गणपति बप्पा मोरया। प्रथमेश भगवान गणेश की ये जय जयकार शहर बनारस में अब आने वाले दिनों में सुनाई देगी। इसके लिए तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। क्7 सितम्बर को गणेश चतुर्थी के साथ पूरे देश में गणेशोत्सव का आगाज हो जायेगा। इसी क्रम में शिवनगरी में भी गणेशोत्सव की धूम रहेगी। गणेश वंदना के लिए एक सप्ताह तक चलने वाले गणेशोत्सव को लेकर पूजा समितियों की ओर से पंडालों को तैयार किया जा रहा है और मूर्तिकार गणेश प्रतिमाओं को अंतिम रुप देने में जुट चुके हैं।

जोर शोर से तैयारियां जारी

गणेश चतुर्थी के मौके पर शहर की दर्जन भर गणेशोत्सव समितियों की ओर से भगवान गणेश का पूजन-अर्चन किया जाता है। शहर में विभिन्न पूजा समितियों की ओर से आयोजित होने वाली इस पूजा के लिए पंडाल बनाने से लगायत बाकि तैयारियां जोर शोर से जारी हैं। इस दौरान पूजा पंडालों में कई तरह सांस्कृतिक, शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होता है।

ताकि रहे सुख समृद्धि

गणपति पूजा को लेकर शहर में रहने वाले मराठी और साउथ इंडियन फैमलीज में विशेष उत्साह रहता है। लोग सुख, शांति और समृद्धि की कामना में घरों में भी गणपति की स्थापना कर पूरे विधि विधान से पूजन करते हैं। जिसके लिए लोग बप्पा के आगमन को लेकर काफी उत्साही हैं और साफ सफाई से लेकर बाकि कामों को भी कर रहे हैं। इसके लिए गणेश प्रतिमा बनाने वाले भी तेजी से प्रतिमाओं को लास्ट टच देने का काम कर रहे हैं। शहर में मेनली नूतन बालक गणेशोत्सव समाज सेवा मण्डल, काशी गणेशोत्सव, श्री गणेश नवरात्र महोत्सव, श्रीराम तारका आन्ध्रा आश्रम मानसरोवर, लोकमान्य सार्वजनिक श्री गणेशोत्सव, बरनवाल सेवा सदन बेनियाबाग, श्री काशी मराठा गणेश उत्सव समिति, शारदा भवन गणेशोत्सव अगस्त्यकुंडा, श्री काशी विश्वनाथ गणपति महोत्सव मच्छोदरी की ओर से गणेश पूजा का भव्य आयोजन होता है।