-अब ऑल इंडिया का जारी होगा शस्त्र लाइसेंस, तीन प्रदेश की सीमा खत्म

-प्रमुख सचिव गृह ने DM को भेजा लेटर

VARANASI

प्रमुख सचिव गृह आशीष पंडा ने जिलाधिकारियों को पत्र भेजा है। इसमें सशर्त ऑल इंडिया शस्त्र लाइसेंस के लिए संस्तुति को कहा गया है। अब तीन स्टेट का नहीं, बल्कि बशर्ते शस्त्र लाइसेंस का सीमा विस्तार उन्हीं लोगों का किया जाएगा जिन्हें वास्तव में देश के विभिन्न शहरों में अपने कामों से जाना आना पड़ता है। जिलाधिकारी अपने स्तर पर इसकी गहनता से जांच कर रिपोर्ट भेजें, जिससे सीमा विस्तार पर विचार किया जाएगा।

प्रदर्शन के लिए नहीं होगा लाइसेंस

आत्मरक्षा के लिए आवेदन करने वालों को शस्त्र रखने का लाइसेंस डीएम जारी करते हैं। लाइसेंस पहले जिले स्तर पर फिर मंडल और प्रदेश के लिए जारी होता है। जरूरत के मुताबिक पूरे देश के लिए शस्त्र लाइसेंस का सीमा विस्तार होता है। पिछले वर्षो कुछ लोगों ने शस्त्र का दुरुपयोग करना शुरू कर दिया था। इसको गंभीरता से लेते हुए शासन ने ऑल इंडिया के लाइसेंस पर रोक लगा दी थी। बाद में तीन प्रदेश के लिए लाइसेंस का सीमा विस्तार होने लगा। इस पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई थी। लोगों की बढ़ती मांग और सुरक्षा को देखते हुए शासन ने आदेश में संशोधन करते हुए तीन प्रदेश की बजाय ऑल इंडिया के लिए लाइसेंस का सीमा विस्तार करने पर विचार किया है। प्रमुख सचिव गृह ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर जरूरत के मुताबिक आवेदन पर विचार करते हुए संस्तुति करने को कहा है।

प्रमुख सचिव गृह ने पत्र में लिखा है कि रिश्तेदारी, घूमने, प्रदर्शन या शौक पूरा करने वालों के शस्त्र लाइसेंस के विस्तार की रिपोर्ट न भेजी जाए। शस्त्र लाइसेंस का ऑल इंडिया के लिए सीमा विस्तार करने की संस्तुति करने से पहले गहनता से विचार कर किया जाए। यदि कोई व्यापारी देश के विभिन्न जिलों में कारोबार करने का पर्याप्त सबूत देता है तो विचार किया जा सकता है।