नगर निगम सड़कों के किनारे लगाएगा इको फ्रेंडली टाइल्स

रेन वाटर हार्वेस्टिंग व घास लगाने की भी होगी सुविधा

Meerut। सड़कों के किनारे उड़ने वाली धूल से अब आपको परेशान नहीं होना पड़ेगा। आंधी या फिर तेज हवा चलने पर धूल आपकी आंखों को नहीं सताएगी। क्योंकि नगर निगम शहर में दो हजार किलोमीटर से अधिक की सड़कों को डस्टफ्री करने जा रहा है। नगर निगम ने इसके लिए सर्वे करना शुरू कर दिया है। सर्वे पूरा कर एस्टीमेट तैयार काम शुरू किया जाएगा।

इको फ्रेंडली टाइल्स

नगर निगम गुजरात मॉडल के आधार पर सड़कों के किनारे टाइल्स लगाएगा। यह पर्फरेटिड टाइल्स पूरी तरीके से इको फ्रेंडली होती है। इसमें छिद्र होते हैं। छिद्र की वजह से रोड पर आने वाला पानी नीचे जमीन में चला जाता है। ऐसे में वह वाटर हार्वेस्टिंग में भी मदद करता है। इसमें जो छेद होते हैं, उसकी वजह से इसमें घास भी उग आती है।

सुधरेगा पर्यावरण

इको फ्रेंडली टाइल्स लगाने से पर्यावरण को काफी मदद मिलेगी। नगर निगम धूल न उड़े इसके लिए सड़कों के किनारे दोनों ओर साधारण टाइल्स भी लगाई, लेकिन ज्यादा फायदा नहीं हो सका। क्योंकि टाइल्स जल्द ही सड़कों से उखड़ गई। अब इको फ्रेंडली टाइल्स लगने से वाटर हार्वेस्टिंग भी होगी साथ ही पर्यावरण को भी मदद मिलेगी।

नगर निगम सड़कों के दोनों किनारों पर इको फ्रेंडली टाइल्स लगाएगा। इसके लिए फिलहाल सर्वे चल रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। जून में इसका काम शुरू कर दिया जाएगा। टाइल्स लगने से डस्ट भी नहीं उड़ेगी साथ ही वाटर हार्वेस्टिंग भी हो जाएगी।

कुलभूषण वाष्र्णेय,

चीफ इंजीनियर, नगर निगम