- प्रथम दृष्टया चुनावी रंजिश का मामला सामने आ रहा है

- पुलिस ने आरोपी पूर्व प्रधान को गिरफ्तार किया, भाई समेत अन्य आरोपी फरार

- घायल को गंभीर हालत में नर्सिगहोम में एडमिट कराया

KANPUR : चौबेपुर में रविवार को चुनावी रंजिश में दो पूर्व प्रधान के भाई भिड़ गए। दोनों पक्षों में गाली-गलौज के बाद मारपीट हो गई। एक पक्ष ने कमजोर पड़ने पर दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी, जिसमें पूर्व प्रधान का भाई पेट में गोली लगने से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर आरोपी पूर्व प्रधान को पकड़ लिया। हालांकि उसके साथी भागने में कामयाब हो गए। इधर, ग्रामीण घायल को नर्सिगहोम ले गए। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

सुनौड़ा गांव का मामला

चौबेपुर के सुनौड़ा गांव में रहने वाले शिव मंगल सिंह पूर्व प्रधान हैं। उनकी पूर्व प्रधान सतेंद्र सिंह से चुनावी रंजिश चलती है। रविवार को शिव मंगल के भाई उदय सिंह की सतेंद्र सिंह के भाई हर्ष वर्धन से बहस हो गई। दोनों में गाली-गलौज के बाद हाथापाई होने लगी। ग्रामीणों ने बीच बचाव कर दोनों को अलग कर दिया। गुस्से में हर्ष वर्धन बाद में देख लेने की धमकी देकर वहां से चला गया। उदय ने उसकी धमकी को हल्के में लिया।

असलहों से लैस थे दोनों पक्ष

शाम को करीब 8.30 बजे हर्ष वर्धन ने भाई सतेंद्र और साथियों समेत उदय को घेर लिया। जिसका पता चलने पर उदय के भाई और साथी भी वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों में कहासुनी होने के बाद मारपीट होने लगी। दोनों पक्षों के लोग असलहों से लैस थे। उदय की ओर से ज्यादा लोग आने से हर्ष वर्धन कमजोर पड़ गया। उसने दूसरे पक्ष को दबाने के लिए साथियों समेत फायरिंग शुरू कर दी। जिसके जवाब में उदय के पक्ष के लोगों ने भी फायरिंग की। इसी बीच उदय के पेट में गोली लग गई। इसी बीच सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूर्व प्रधान सतेंद्र को तो गिरफ्तार कर लिया, लेकिन उसका भाई साथियों समेत भाग गया। इधर, शिव मंगल ग्रामीणों की मदद से घायल उदय को नर्सिग होम ले गए। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टर्स का कहना है कि अभी उसकी हालत के बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता।

'चौबेपुर में विवाद में गोली चलने से एक युवक घायल हुआ है। पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। चुनावी रंजिश है या कोई और कारण, यह अभी क्लीयर नहीं है'।

शलभ माथुर, एसएसपी