एक कॉन्स्टेबल और राजद के पांच कार्यकर्ता घायल, एक गंभीर

PATNA : सृजन घोटाला और बटेश्वर कैनाल बांध में धांधली के खिलाफ पटना में गुरुवार को युवा राजद के राजभवन मार्च के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पत्थरबाजी भी की। कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने के दौरान दोनों ओर से कुछ लोगों को चोटें आईं। पुलिस लाठीचार्ज में उसके पांच कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। इस दौरान एक कांस्टेबल के सिर पर भी चोट लगी है।

पुलिस का लाठीचार्ज से इनकार

राजभवन रवाना होने के पहले गर्दनीबाग धरनास्थल कुछ देर के लिए रणक्षेत्र में त?दील हो गया। मार्च में राजद के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल थे। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि मार्च को पुलिस ने जबरन रोका और कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसाईं। हालांकि स्थानीय पुलिस ने लाठीचार्ज से इनकार किया है। राजद प्रमुख लालू प्रसाद एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सृजन घोटाले के मामले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी को लगातार घेरने की कोशिश करते आ रहे हैं।

घायलों का अस्पताल में इलाज

युवा राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद बुलो मंडल एवं प्रदेश अध्यक्ष मो। कारी सोहैब के नेतृत्व में राजद के राजभवन में मार्च में रामचंद्र पूर्वे एवं पार्टी के कई विधायक भी मौजूद थे। युवा राजद के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने बताया कि घायल कार्यकर्ताओं में बक्सर जिले के ब्रह्मपुर प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद कुमार को गंभीर चोंटें लगी है, जिनका गर्दनीबाग अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।

नीतीश-मोदी से इस्तीफे की मांग

सांसद बुलो मंडल ने सृजन घोटाले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि घोटाले के खुलासे के बाद दोनों को अपने पदों पर बने रहने का हक नहीं है। बुलो ने बटेश्वर स्थान बांध मामले की भी हाईकोर्ट की निगरानी में उच्चस्तरीय जांच की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे ने सृजन को मध्यप्रदेश के व्यापम घोटाले से तुलना करते हुए कहा कि इसके सबूत भी मिटाए जा रहे हैं। गवाहों की हत्याए की जा रही है। मार्च में प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ। तनवीर हसन, प्रधान महासचिव मुन्द्रिका सिंह यादव, आलोक कुमार मेहता, शिवचंद्र राम, शक्ति सिंह यादव समेत कई विधायक शामिल थे।

आज सीएम का पुतला दहन

मार्च के दौरान पुलिस लाठीचार्ज और राजभवन में राजद के प्रतिनिधिमंडल से ज्ञापन नहीं लेने के विरोध में युवा राजद शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी का पुतला दहन करेगा। प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने बताया कि यह आयोजन राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में होगा।

राजभवन ने नहीं लिया ज्ञापन

राजद के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने आरोप लगाया कि राज्यपाल की अनुपस्थिति में मुख्यमंत्री के इशारे पर राजभवन के किसी पदाधिकारी ने ज्ञापन नहीं लिया। राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे, सांसद बुलो मंडल, आलोक मेहता, शिवचंद्र राम समेत कई वरिष्ठ नेता प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे। तीन बजे का समय भी दिया गया था। शक्ति ने आरोप लगाया कि राजभवन आरएसएस के इशारे पर काम कर रहा है।