- प्रधानमंत्री की प्रतीकात्मक शव निकाली

- पुतला दहन करने पर पुलिस से हुई छीना झपटी

GORAKHPUR: गोरखपुर में एम्स निर्माण को राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। एम्स निर्माण की मांग के आंदोलन का श्रेय लेने की होड़ मची है। सपा ने भाजपा पर झूठा प्रचार करके प्रदेश सरकार को बदनाम करने का आरोप लगाया। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर कचहरी चौराहे पर पुतला जलाया। पुतला बचाने की कोशिश कर रहे पुलिस वालों से भिड़ गए। पुतला छीनने की गुत्थमगुत्थी में कई पुलिस वाले चोटिल हुए। शव यात्रा में घंटी बजा रहे कार्यकर्ता ने पुलिस वालों पर कई बार घंटी चलाई। छीनाझपटी में सपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव नवल किशोर नथानी को भी चोट लगी। हंगामा बढ़ने पर नेताओं ने कार्यकर्ताओं को शांत कराया।

झूठा प्रचार कर रहे भाजपाई

महानगर समाजवादी पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली गई। इंदिरा बाल विहार तिराहे से लेकर शास्त्री चौक तक शव यात्रा में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कचहरी चौराहे पर पीएम का पुतला जलाने पहुंचे। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष कृष्ण कुमार त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा के लोग झूठा प्रचार कर रहे हैं। लोग प्रदेश सरकार को बदनाम करने के लिए साजिश रच रहे हैं। प्रदेश सरकार ने एम्स के लिए भूमि दे दी है। कार्यक्रम अवधेश पांडेय ने भी संबोधित किया। इस दौरान अशोक यादव, जियाउल इस्लाम, अमरुद्दीन अंसारी, अवधेश पांडेय, संजय सिंह, रौनक श्रीवास्तव, राजकुमारी देवी, चंद्रभान प्रजापति, हरिओम जायसवाल, नवल किशोर नथानी सहित कई लोग मौजूद रहे।