- चिलुआताल एरिया के सोनबरसा की घटना

- ससुराल में नेवासे पर रहता है राजकुमार

GORAKHPUR: चिलुआताल एरिया के सोनबरसा में अंबेडकर की प्रतिमा लगाने से विवाद खड़ा हो गया। दो पक्षों के आमने-सामने होने पर पुलिस हांफगई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने पब्लिक को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस का कहना है कि एक पक्ष ने मुकदमा दायर किया है। फैसला आने तक यथास्थिति बनाए रखने को कहा गया है। यदि किसी पक्ष ने उत्पात किया तो मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।

रात में लगाई अंबेडकर प्रतिमा

रविवार की सुबह विवादित भूमि पर लोगों ने अंबेडकर की प्रतिमा देखी। किसी ने रात में प्रतिमा स्थापित कर दी थी। लोगों के बताने पर राजकुमार भी पहुंच गया। उसने आपत्ति जताई तो लोगों ने उसकी बात अनसुनी कर दी। प्रतिमा के आसपास लोगों ने चबूतरा बनाना शुरू कर दिया। राजकुमार के विरोध करने पर मामला बढ़ा गया। गांव के कुछ लोग बारात घर की भूमि बताकर बाबा साहब की प्रतिमा लगाने पर अड़े रहे। विवाद की सूचना पर चिलुआताल पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने लेखपाल को बुलाया। उसने बताया कि यहां बारात घर की भूमि निकाली गई थी, लेकिन मुकदमा होने से कोई निर्माण नहीं होना चाहिए। पुलिस ने प्रतिमा हटवाकर किसी तरह के निर्माण से मना कर दिया।

सड़क किनारे विवादित भूमि

राजाबारी जसवल निवासी राजकुमार की ससुराल सोनबरसा गांव में है। रेलवे कर्मचारी राजकुमार करीब 20 साल से ससुराल में रह रहा है। बालापार-टिकरिया रोड के किनारे उसे ढाई एकड़ भूमि नेवासे में मिली है। उसके खेत के सामने कुछ भूमि खाली पड़ी है। उसको लेकर विवाद चल रहा है। गांव के लोग भूमि को बारात घर के लिए आरक्षित बताते हैं। जबकि राजकुमार ने इसका मुकदमा दायर कर रखा है। इसलिए उस भूमि पर कोई निर्माण नहीं हो सकता है।

विवादित भूमि से प्रतिमा हटवा दी गई है। कोर्ट को फैसले के बाद कोई काम कराया जा सकेगा। विवाद करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।

रामपाल, एसओ, चिलुआताल