- गुलरिहा एरिया के सरहरी की घटना

- गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस को खदेड़ कर भगाया

- खेल के मैदान में डाला गया था टीनशेड

GULRIHA: गुलरिहा एरिया के महराजगंज, भेलिनपुर में टीनशेड का मकान ढहाने को लेकर बवाल हुआ। घटना शनिवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुई। दो पक्षों में विवाद की सूचना पाकर पुलिस पहुंची। सरकारी भूमि पर कब्जा कराने का आरोप लगाकर लोगों ने दरोगा और सिपाहियों को खदेड़ दिया। पब्लिक का गुस्सा देखते हुए आसपास के थानों की फोर्स बुला ली गई। तहसीलदार सदर ने लेखपाल से रिपोर्ट मांगकर कार्रवाई करने को कहा है। मामले की जानकारी होने पर पिपराइच विधायक के प्रतिनिधि अमरेंद्र निषाद मौके पर पहुंचे।

अपशब्द कहने पर ढहाया

महराजगंज के भेलिनपुर टोले पर ओंकारनाथ साहनी ने टिनशेड का मकान बनवाया है। उसका परिवार वहीं रहता है। गांव के लोगों का कहना है कि खेल के मैदान पर उसने जबरन कब्जा कर लिया है। शनिवार की सुबह कुछ बच्चे उस मैदान पर खेलने गए। तभी ओंकार के परिवार के लोगों ने बच्चों को अपशब्द कहना शुरू कर दिया। बच्चों ने अपने-अपने घर जाकर अपशब्द कहने की बात बताई। रोजाना की किचकिच से गुस्साए गांव के लोग जुट गए। उन लोगों ने टिनशेड ढहा दिया। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर सरहरी चौकी पर तैनात दरोगा और सिपाही पहुंच गए।

सरकारी भूमि पर कब्जे का आरोप

करीब 15 साल पहले चकबंदी में ओंकारनाथ की भूमि खेल के मैदान में दर्ज हो गई है। इसे निरस्त कराने के लिए वर्ष 2007 से रामवृक्ष कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगा रहा है। लेकिन गांव के लोग खेल के मैदान को खाली कराने का दबाव बना रहे हैं। शनिवार की सुबह जुटे लोगों ने टिनशेड ढहा दिया। आरोप है कि पुलिस पहुंची तो सरकारी भूमि पर कब्जा कराने का आरोप लगाकर लोगों ने खदेड़ लिया। हालात हाथ से निकलता देखकर पुलिसवाले भाग खड़े हुए। बवाल बढ़ने की आशंका में सरहरी चौकी पुलिस ने फोर्स मांगी। तहसीलदार सत्येंद्र सिंह, महिला थाना की एसआई सुमन सिंह और पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम सहित भारी पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस का विरोध जता रही महिलाओं को हिरासत में ले लिया।

निकली खेल की भूमि

तहसीलदार ने लेखपाल बालाजी पांडेय ने भूमि की पैमाइश कराई। तब विवादित भूमि खेल के मैदान की निकली। तहसीलदार ने मौके पर यथास्थिति कायम रखने का आदेश दिया। कहा कि कोर्ट का फैसला आने तक कोई कार्रवाई नहीं होगी। ओंकारनाथ ने गांव के करीब 25 लोगों को नामजद करते हुए कई अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस को बताया कि उसके घर में घुसे लोगों ने बेटी के साथ बदसलूकी। घर में लूटपाट करते हुए जमकर तोड़फोड़ की। तहरीर लेकर गुलरिहा पुलिस कार्रवाई में जुटी है।

आरोपियों के खिलाफ तहरीर मिली है। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।

सुनील सिंह, एसओ, गुलरिहा