- छतों पर चढ़कर पथराव, फायरिंग

आगरा। थाना न्यू आगरा क्षेत्र स्थित नगलार पदी में दो पक्ष रंगबाजी को लेकर आमने-सामने आ गए। गाली-गलौज के बाद दोनों तरफ से पत्थर चलने लगे। इस दौरान फायरिंग भी की गई। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस ने घायलों को मेडीकल के लिए भेजा है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने फायरिंग किए जाने की बात से इनकार किया है।

रंगबाजी के विवाद पर पथराव

नगदी पदी में डब्बू व वीरा रहते हैं। आरोप है कि डब्बू के बेटे एरिया में रंगबाजी करते हैं। इस बात को लेकर वीरा पक्ष से दो तीन दिन पूर्व विवाद हुआ था। शनिवार को मामला तूल पकड़ गया। आरोप है कि वीरा पक्ष से किसी की पिटाई कर दी गई। उसके बेटी व बेटा बचाने आए तो उनके साथ भी बुरी तरह से पिटाई की गई। इस पर बस्ती के लोग एकजुट हो गए।

पथराव के साथ हुई फायरिंग

जब लोग एकजुट हुए तो आरोप है कि डब्बू पक्ष के लोगों ने पथराव कर दिया। इस दौरान दूसरी तरफ से भी पत्थर चलने लगे। अचानक पत्थर चलने से मौके पर अफरा-तफर मच गई। लोग सिर छिपाते भागने लगे। एरिया ईट, पत्थरों से पट गया। इस दौरान कई राउंड फायरिंग भी की गई। फायरिंग होने से एरिया में दहशत फैल गई। लोग घरों में छिप गए।

छतों से हुआ पथराव

छतों से पथराव चल रहा था। सूचना पर थाना न्यू आगरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के आते ही मौके पर भगदड़ मच गई। लोग भागते नजर आए। पुलिस ने मौके से दो लोगों को पकड़ा है। वीरा पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें मेडीकल के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर थाना न्यू आगरा का कहना था कि विवाद बच्चों के विवाद से शुरु हुआ था फायरिंग नहीं हुई है।