- स्टूडेंट पर हमला, फायरिंग, दो बाइक फूंकी

- संगम चौराहे की घटना, स्कूली छात्रों के बीच था विवाद

- तीन छात्रों को पीटा, बाइक भी फूंक डाली

- गगहा में भी दो पक्षों में गोलीबारी, दो लोग घायल

GORAKHPUR: होली की पूर्वसंध्या पर चली गोली से जिले का माहौल बदरंग हो गया। एक तरफ शहर स्थित संगम चौराहे पर स्कूली छात्रों के बीच विवाद में गोलीबारी और आगजनी हुई। इसमें तीन छात्र घायल हो गए, जिनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। वहीं दूसरी तरफ गगहा में भी दो पक्षों के विवाद में चली गोली से तनाव फैल गया। दोनों ही घटनाओं में पुलिस को खूब दौड़ लगानी पड़ी।

पिटाई के बाद लगाई आग

शाहपुर थानाक्षेत्र स्थित स्कूल में पढ़ने वाले हरसेवकपुर नंबर-दो के दहला गांव निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख संत गुलाब यादव के परिवार के सदस्य लड़के से पादरी बाजार बधिक टोला निवासी विक्रम सिंह व रुपेश पांडेय का विवाद हो गया था। विवाद को लेकर विक्रम व रूपेश ने कुछ साथियों की मदद से मंगलवार की रात संगम चौराहे पर पूर्व प्रमुख के बेटे को पीट दिया।

मामा पहुंचे प्रधान के घर

विक्रम केमामा हरसेवकपुर नंबर दो निवासी अरुण सिंह को जब इसकी जानकारी हुई तो वह मामले को रफा-दफा कराने के लिए बुधवार को पूर्व प्रमुख के घर पहुंच गए। उधर इसके पूर्व प्रमुख के भतीजे विपिन यादव, शैलेन्द्र यादव व पंकज यादव कुछ लड़कों के साथ विक्रम व रुपेश को खोजते हुए बधिक टोला पहुंच गए। इस दौरान वहां के लड़कों को इसकी जानकारी हो गई, तो उन्होंने उन लड़कों को दौड़ा लिया। उसमें से कुछ भाग निकलने में कामयाब रहे, मगर विपिन, शैलेन्द्र व पंकज पकड़ लिए गए। तीनों को लाठी डंडे व ईंट पत्थर से खूब पिटाई हुई, वहीं उनकी बाइक भी फूंक दी गई।

पुलिस को दी सूचना

उधर इसकी जानकारी जब पूर्व प्रमुख को हुई तो उन्होंने घर पहुंचे अरुण सिंह को घर पर बैठा लिया। पुलिस कंट्रोल रूम को बधिक टोला से किसी ने यही जानकारी दी कि अरुण सिंह को पूर्व प्रमुख के परिवारवालों ने बंधक बना लिया है। सबसे पहले पादरी बाजार चौकी की पुलिस व गुलरिहा एसओ पूर्व प्रमुख के घर ही पहुंचे। तब बधिक टोला के व्यासनगर में युवकों पर हमले बात पता चली। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने घायल विपिन (24), शैलेन्द्र (22) व पंकज(20) को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजवाया। पुलिस दोनों फूंकी गई बाइक बरामद कर थाने ले आई। पूर्व प्रमुख कुछ लोगों के साथ थाने पहुंचे और तहरीर दी।