- निगम कर्मचारियों पर लेसा टीम से हाथापाई का आरोप

- नगर निगम के जोन- 6 कार्यालय पर घंटेभर तक चला हंगामा

LUCKNOW : ठाकुरगंज के जोन -6 स्थित नगर निगम कार्यालय पर कनेक्शन काटने को लेकर शनिवार को नगर निगम और लेसा के कर्मचारी आपस में भिड़ गए। आरोप है कि निगम कर्मियों ने लेसा कर्मचारियों के साथ हाथापाई की और टीम को बंधक बनाया। इसके अलावा मौके पर पहुंचे लेसा के अधिशासी अभियंता के साथ भी अभ्रद व्यवहार किया। और तो और कनेक्शन कटने के बाद खुद ही जोड़ भी लिया। घंटे भर तक चले हंगामे के बाद नगर आयुक्त के आश्वासन पर मामला शांत हुआ।

इनका बिल बकाया तो उनका टैक्स

नगर निगम के जोन छह कार्यालय पर चार साल का 15.52 लाख रुपए बिजली बिल बकाया है। लेसा के ठाकुरगंज स्थित उपकेंद्र ने कई बार निगम को नोटिस भी भेजा। बिल न जमा होने पर शुक्रवार को कार्यालय की बिजली काट दिया गया। कनेक्शन कटने पर जहां आम उपभोक्ता को तमाम कागजात जमा करने पड़ते हैं, वहीं नगर निगम कार्यालय बिना भुगतान और अनुमति के कनेक्शन खुद ही जोड़ लिया।

दोबारा कनेक्शन काटने पर हंगामा

शनिवार को अधिशासी अभियंता संदीप सिंह के निर्देश पर लेसा टीम दोबारा जोनल कार्यालय पहुंची और कनेक्शन काट दिया। इसके बाद जोनल अधिकारी बिन्नो रिजवी सहित जोनल कर्मचारियों ने लेसा कर्मियों को बंधक बना लिया। घंटे भर तक हंगामे के बाद लेसा के संदीप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जोनल अधिकारी उनसे गलत तरीके से पेश आईं। उन्होंने लेसा से हाउस टैक्स के बकाया 72 लाख रुपए जमा करने की बात कही। ये हंगामा नगर आयुक्त के हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ। चार घंटे के बाद बिजली कनेक्शन जोड़ दिया गया।

लेसा की टीम दोबारा गई तो जोनल कार्यालय गलत तरीके से पेश आने लगी। बाद में नगर आयुक्त के आश्वासन पर कनेक्शन जोड़ दिया गया।

संदीप सिंह

अधिशासी अभियंता, ठाकुरगंज

लेसा पर भी करोड़ों रुपए हाउस टैक्स बकाया है। नगर निगम की भूमि पर ट्रांसफर रखे गए हैं। शासन से रेंट लिए जाने का निर्देश मिल चुका है। लेसा को नोटिस भेजी जाएगी।

उदय राज सिंह

नगर आयुक्त, नगर निगम