मामूली बात पर दो समुदाय आ गए आमने-सामने

पत्थरों के अलावा फेंकी गई बोतलें, भगदड़ मची

आगरा। थाना शमसाबाद क्षेत्र एक बार फिर दहलने से बच गया। मामला दो समुदाय से जुड़ा है। मामूली बात पर दो समुदायों में बवाल हो गया। दोनों तरफ से बोतलों के साथ ईट पत्थर चलने लगे। मामला बड़ा होता चला गया। जुलूस के बाद हुई इस घटना ने पुलिस के होश उड़ा दिए थे। एसएसपी डॉ। प्रीतिंदर सिंह को सर्किट हाउस में प्रमुख सचिव की चल रही मीटिंग को बीच में छोड़ना पड़ा और मौके की तत्काल जानकारी जुटाई। पीएसी के साथ चार थानों के फोर्स ने हालातों पर काबू पाया।

मकान की चौखट पर बैठने पर विवाद

मामले के मुताबिक थाना शमसाबाद के गांव गोपालपुरा में खटीक समाज के राजा के मकान के सामने शब्बीर का मकान बना हुआ है। राजा अपने पड़ोसी शब्बीर के मकान की चौखट पर बैठ कर मोबाइल देख रहा था। उसी दौरान शब्बीर के बेटे काले का आना हुआ उसने राजा से वहां से हट जाने को बोला तो राजा नहीं हटा। पहले भी कई बार इस बात को लेकर विवाद हो चुका है। राजा के न मानने पर दोनों तरफ से विवाद शुरु हो गया। दोनों में मारपीट हो गई। इसी के बाद मामला बिगड़ गया।

हिरासत में लिए दो लोग

कसबा में लोग छतों पर आ गए। दोनों तरफ से पथराव शुरु हो गया। बोतल फिंकाई होने लगी। पत्थर व बोतल फिंकने से मौके पर भगदड़ मच गई। एक महिला समेत सात लोग घायल हो गए। घटना की सूचना जैसे ही पुलिस तक पहुंची तो पुलिस के भी होश उड़ गए। सूचना मिलते ही चार थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। एसडीएम फतेहाबाद, सीओ फतेहाबाद और एसपीआरए ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया। दोनों तरफ से दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।