प्रतिबंधित मांस पकड़ने गई पुलिस टीम पर पथराव, दरोगा समेत पांच पुलिस कर्मी गंभीर

हमलावरों ने पुलिस कर्मियों की बाइक भी तोड़ी, गांव में पीएसी तैनात

KAUSHAMBI: प्रतिबंधित मांस डंप होने की सूचना पर कोखराज के सिहोरी गांव पहुंची पुलिस टीम के ऊपर तस्करों ने हमला बोल दिया। पथराव करते हुए हमलावर पुलिस दौड़ा लिए। हमले में एक दरोगा समेत पांच पुलिस कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव में बवाल को देखते हुए ग्रामीण डर के मारे सिहर उठे। बवाल की सूचना पर पुलिस अधीक्षक, एएसपी सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह स्थिति पर काबू पाया। अफसरों ने गांव में पुलिस व पीएसी तैनात कर दी है।

मंजर देख सहम गए ग्रामीण

दोआबा में प्रतिबंधित पशुओं और मांस की तस्करी करने वाले तस्करों पर कानून का सिकंजा नहीं कस पा रहा है। बुधवार की दोपहर करीब 12 कोखराज के सिहोरी गांव में प्रतिबंधित पशु काटे जाने की सूचना मुखबिर ने पुलिस को दी। खबर मिलते ही कोखराज थाने के उप निरीक्षक राजाराम, सिपाही रणविजय के साथ दो अन्य पुलिस कर्मियों ने छापा मार दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गांव के चार लोगों को रंगे हाथ प्रतिबंधित पशु के मांस के साथ दबोचा लिया। बताते हैं कि इसी बात को लेकर तस्करों और पुलिस कर्मियों ने झड़प होने लगी। देखते ही देखते तस्करों ने पुलिस पार्टी पर हमला बोल दिया। हमले में दरोगा समेत पांच पुलिस कर्मी लहूलुहान हो गए। हमलावरों ने पुलिस कर्मियों की बाइक भी तोड़ दी। किसी तरह पुलिस वाले जान बचाकर गांव से बाहर भागे और घटना की जानकारी थाने के साथ अफसरों को दी। सिहोरी गांव में बवाल की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक वीके मिश्र, एएसपी वीरेन्द्र कुमार कई थानों की पुलिस और पीएसी के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। जांच पड़ताल के बाद एसपी ने गांव में पुलिस और पीएसी के जवानों की तैनाती कर दी। जख्री दरोगा रामराज की तहरीर पर 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ कोखराज थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।