- पड़ोसी की बेटी की लग्न समारोह में हुआ था वाद-विवाद

- नारखी के जरारा गांव में दो पक्षों में मारपीट, पांच घायल

फीरोजाबाद: नई आबादी रहना में कुछ लोगों ने एक परिवार को लाठी-डंडों और सरियों से बुरी तरह पिटाई कर घायल कर दिया। इस घटना में तीन लोग घायल हुए हैं।

नई आबादी रहना ममता नगर में अशोक कुमार रहते हैं। उन्होंने अपने पड़ोसी अमर सिंह की पुत्री रेनू का रिश्ता अपनी ननिहाल एटा जिला के जलेसर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांव करहला कासिमपुर से तय कराया। 24 नवंबर को वह अमर सिंह की बेटी की लग्न में गया था। वहां अमर सिंह के साथ गए युवकों ने उसके साथ अभद्रता कर दी। यही नहीं उस पर रुपये लेकर शादी का आरोप भी लगाया। उस दौरान मामला शांत हो गया। अशोक कुमार शनिवार सुबह करीब आठ बजे नगला भाऊ स्थित सुनील प्लांट पर काम करने जा रहा था। वह घर से थोड़ा दूर पहुंचा कि वहां पहले से घात लगाए बैठे युवकों ने मारपीट शुरू कर दी। घटना की जानकारी पर अशोक का बेटा दिलीप और पत्नी सरोज उसे बचाने पहुंची तो उनको भी मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। घायल थाने पहुंचे और तहरीर दी। पुलिस ने घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया है। अशोक ने बताया हमलावरों ने लाठी-डंडे और सरियों से हमला बोल घायल किया है।

मारपीट की दूसरी घटना नारखी के गांव जरारा में हुई। यहां के संजय कुमार पुत्र फतेह सिंह और वीनेश कुमार पुत्र तेजवीर सिंह में जमीन पर कब्जा करने का विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में चल रहा है। शुकवार देर शाम दोनों में गालीगलौज के साथ मारपीट हो गई। इस घटना में दोनों पक्षों के संजय कुमार, उदयवीर, वीनेश और कुंदन सिंह के अलावा एक अन्य परिजन भी घायल हुआ है। पुलिस ने घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया है।