Firozabad: जनपद में सोमवार को मतगणना के बाद गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे प्रत्याशी समर्थकों ने हंगामा कर दिया। वार्ड 13 के प्रत्याशियों के साथ पहुंचे ग्रामीणों ने मुख्यालय घेर लिया। नारेबाजी करते हुए जिला निर्वाचन कार्यालय में घुस गए। डीएम ने प्रत्याशियों को हड़काया। ग्रामीणों को कलक्ट्रेट से बाहर जाने के आदेश दिए। एक प्रत्याशी को पुलिस हिरासत में लेने पर समर्थक उग्र हो गए। उन्होंने हाईवे पर ट्रैक्टर आड़े-तिरछे खड़ा कर जाम लगा दिया। पुलिस ने ग्रामीणों को खदेड़ा तो पथराव शुरु होने से हाइवे पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में चेतावनी देकर छोड़ दिया।

हाथवंत ब्लॉक में गहराया विवाद

ब्लाक हाथवंत के वार्ड संख्या 13 में मतगणना प्रारंभ होने से देर रात तक विश्नू प्रताप सिंह बढ़त बनाए हुए थे। उनके पीछे राजेंद्र सिंह चल रहे थे, लेकिन देर रात तक होने वाली मतगणना के अंतिम परिणाम में महिला प्रत्याशी ओमवती लोधी को अधिक वोट मिलने पर उन्हें विजयी घोषित किया। मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए विश्नू और राजेंद्र सैकड़ों समर्थकों के साथ जिला मुख्यालय पहुंचे और और जमकर नारेबाजी की। लगभग 20 मिनट तक कलक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन कार्यालय के सामने नारेबाजी करते रहे। डीएम विजय किरन आनंद ने दोनों प्रत्याशियों को जमकर हड़काया। भीड़ को बाहर जाने के निर्देश दिए। कुछ ही देर में भीड़ कलक्ट्रेट परिसर से बाहर चली गई।

दोबारा शिकायत करने पहुंचे इसके बाद विश्नू पुन: डीएम ऑफिस पहुंच गए और अपनी शिकायत की। इस पर डीएम ने उसे हिरासत में लेने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष मटसेना प्रदीप यादव ने विश्नू को हिरासत में ले लिया और थाने भेज दिया। प्रत्याशी के हिरासत में लेते ही समर्थकों में आक्रोश व्याप्त हो गया और ट्रैक्टरों को हाईवे पर आड़ा तिरछा-खड़ा कर जाम कर दिया। हाईवे जाम की जानकारी होते ही सीओ सिटी राजेश चौधरी, सदर जगदीश सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और जनता को खदेड़ना शुरू कर दिया। विरोध में जाम लगा रही जनता ने पथराव शुरू कर दिया।

ट्रैक्टरों को कब्जे में लिया

पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए हाईवे खाली करा दिया। हाईवे पर खड़े ट्रैक्टरों को कब्जे में लेकर पुलिस लाइन में खड़ा करा दिया। इस दौरान पांच ग्रामीणों को हिरासत में ले लिया। दीपावली का त्यौहार देखते हुए बाद में उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया। एसओ मटसेना

प्रदीप कुमार यादव ने बताया अधिकारियों के आदेश पर विश्नू प्रताप सिंह निवासी खैरगढ़ को हिरासत में लिया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। शिकायत करने आए थे, पुलिस ने लिया हिरासत में

प्रत्याशी विश्नू प्रताप सिंह ने बताया रविवार रात मतगणना के दौरान उनके साथ बेईमानी हुई। उनके दस मतों को दूसरे में मिला दिया गया था, जिसे उन्होंने निकलवाया। बाद में 50 मतों की एक गड्डी गायब कर दी गई। उन्होंने आरओ से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सुबह अपनी शिकायत को अधिकारियों के संज्ञान में डालने आए थे, लेकिन अधिकारियों ने उनको नहीं सुना। डीएम के आदेश पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है।