- तीसरे दिन भी चला सफाई अभियान

- 50 से अधिक लगाए गए सफाईकर्मी

आगरा। एनजीटी के आदेश पर नगर निगम यमुना की सफाई में जुट गया है। करीब 50 सफाई कर्मचारियों को यमुना से पॉलीथिन व गंदगी हटाए जाने के लिए लगाया गया है। नगर निगम की टीम पिछले तीन दिन से जुटी हुई है।

उठाया कई ट्रॉली कूड़ा

इस दौरान कई ट्रॉली कूड़ा उठाया गया। एनजीटी ने सोमवार को यमुना को मूल स्वरूप में लाए जाने की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए ताजमहल के पूर्वी गेट की ओर यमुना किनारे स्थिति कूडे़ के ढेर को हटाने और नाले की सफाई किए जाने के निर्देश दिए थे। चीफ सेनेट्री इंस्पेक्टर दलवीर सिंह ने बताया कि यमुना में फैली गंदगी और पॉलीथिन उठाने के लिए गोताखोर लगाए गए हैं। पिछले तीन दिन से यह अभियान चल रहा है। बुधवार को भी चला। उन्होंने बताया कि एनजीटी के आदेशों के मुताबिक कार्रवाई की गई है।

मुस्तैद रहे कर्मचारी

ताज के पूर्वी गेट के पास स्थित लगे कूडे़ के ढेर को उठा लिया गया है। यमुना से सारी पालीथिन निकाल लीं गई हैं। इस मौके पर चीफ सेनेट्री इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार गौतम, महेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।