- बदहाल स्थिति में नगर निगम के अधिकृत वार्डो की सफाई व्यवस्था

- गंदगी के अंबार से बना रहता है संक्रामक रोगों का खतरा

GORAKHPUR: शहर की अवैध कॉलोनियां तो दूर नगर निगम की अधिकृत कॉलोनियों तक में पब्लिक व्यवस्थाओं की बदहाली झेलने को मजबूर हैं। सबसे बुरी स्थिति है सफाई व्यवस्था की। जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते तमाम वार्डो में सफाई न होने और कूड़ा न उठने से नारकीय स्थिति हो गई है।

वार्ड 28 - जंगल सालिकराम

दैनिक जागरण आई नेक्स्ट टीम रविवार सुबह 10.30 बजे वार्ड नंबर 28 जंगल सालिकराम की मानस विहार कॉलोनी में पहुंची। जगह-जगह लगा कूड़े का अंबार सफाई व्यवस्था के जिम्मेदारों की उदासीनता का कहानी साफ बयां कर रहा था। लोगों ने बताया कि फैले कूड़े के चलते कॉलोनी के लोग आए दिन संक्रामक रोगों की चपेट में आ रहे हैं। जबकि यहां सफाई कर्मी लगाए गए हैं लेकिन वे कभी इधर झांकने तक नहीं आते हैं।

वार्ड 13 - शिवपुर सहबाजगंज

यही हाल वार्ड नंबर 13 शिवपुर सहबाजगंज का भी मिला। इस वार्ड में साफ-सफाई बिल्कुल ही नहीं होती है। आलम ये कि जगह-जगह घरों से निकला कूड़ा यूं ही पड़ा रहता है। लोगों ने बताया कि वार्ड की सफाई के लिए तैनात सुपरवाइजर व सफाई कर्मी झांकने तक नहीं आते हैं। गंदगी से उठने वाली बदबू के चलते लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। लोगों ने बताया कि कई बार नगर निगम के अधिकारियों व पार्षद तक से शिकायत की जा चुकी है लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।

वार्ड 34 - शाहपुर

वार्ड नंबर 34 शाहपुर में भी सफाई व्यवस्था का हाल बदहाल है। दुर्गा मंदिर के पास सामुदायिक भवन के सामने कूड़े का ढेर लगा मिला जिसे कई दिनों से उठाया नहीं गया है। इससे उठने वाले दुर्गध के चलते राहगीरों का गुजरना तक मुश्किल हो गया है।

वार्ड 69 - सिविल लाइंस

हद तो ये कि शहर के पॉश एरिया कहे जाने वाले वार्ड 69 सिविल लाइंस में भी सफाई व्यवस्था बेपटरी है। यहां के हरिओम नगर मोहल्ले में सड़क पर जलजमाव और कूड़े का अंबार जिम्मेदारों की पोल खोलने के लिए काफी है। सफाई व्यवस्था दुरुस्त न होने के चलते कॉलोनी में रहने वाले लोग परेशान हैं। लोगों का कहना है कि एक हफ्ते में एक दिन ही सफाई कर्मी दिखाई देते हैं।

फैक्ट फिगर

सिटी में वार्ड - 70

नगर निगम में रेग्युलर व संविदा पर सफाई कर्मी - 1600

डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए गाडि़यां - 60

कूड़ा उठाने के लिए छोटी व बड़ी गाडि़यों की संख्या- 150

कोट्स

घरों से निकलने वाला कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी नगर निगम की है, बावजूद इसके कूड़ा नहीं उठाया जाता है। सफाई कर्मी भी झाड़ू तक नहीं लगाते हैं। जिसकी वजह से दरवाजे के सामने कूड़े का अंबार लगा रहता है।

- बबलू सिंह, स्टूडेंट, मानस विहार कॉलोनी

वार्ड ढेरों समस्याओं से ग्रसित है। यहां नियमित सफाई नहीं होती है। नगर निगम की लापरवाही के चलते सफाई व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है।

- कृष्ण कुमार, स्टूडेंट, सिविल लाइंस

मेयर व नगर आयुक्त आकर वार्डो में दौरा करें और देखें कि मोहल्ले के लोग किसी हालत में रह रहे हैं। हर तरफ गंदगी का अंबार है। हफ्तों सफाई नहीं होती है।

- जसवंत सिंह, प्रोफेशनल, शाहपुर

लगता ही नहीं है कि हम लोग महानगर में रहते हैं। गंदगी के कारण बीमारी का खतरा हमेशा बना रहता है। मोहल्ले में कूड़े का ढेर लगा रहता है जिससे उठने वाली दुर्गध लोगों को परेशान करती है।

- अजय कुमार, प्रोफेशनल, व्यास नगर

वर्जन

शहर को स्वच्छ रखने के लिए लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है। वार्डो में सफाई कर्मियों की कमी है। जिसे दूर करने के लिए कवायद शुरू कर दी गई है। जल्द ही समस्या दूर कर ली जाएगी।

- प्रेम प्रकाश सिंह, नगर आयुक्त

शहर को साफ सुथरा करने की जिम्मेदारी है। जो भी शिकायत मिल रही है उसका अपने स्तर से निस्तारण किया जा रहा है। वार्डो की सफाई लगातार चल रही है। जो छोटी-बड़ी समस्याएं हैं, उन्हें जल्द ही दूर कर लिया जाएगा।

- सीताराम जायसवाल, मेयर