स्वच्छता पखवारा के तहत नगर निगम ने चलाया यमुना स्वच्छता का अभियान, कई लोगों ने बढ़ाया अभियान में हाथ

ALLAHABAD: नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा (एनएमसीजी) के स्वच्छता पखवारा के तहत शनिवार को नगर निगम की ओर से यमुना की सफाई के लिए अभियान चलाया गया। इसमें नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, आरएफ के जवानों के साथ ही विभिन्न संस्थाओं ने भी योगदान दिया।

हटाया गया कचरे का ढेर

सफाई अभियान के दौरान यमुना किनारे से बड़ी मात्रा में कचरे का ढेर हटाया गया। इस दौरान ढेरों मात्रा में लोगों के चप्पल व बच्चों के गंदे डायपर तक मिले तो सफाई करने वाले दंग रह गए। कई तो ये कहते सुने गए कि आखिर ये कैसी पूजा हैं, वहीं चप्पल और बच्चों के डायपर भी फेंकते हैं।

सफाई के लिए किया प्रेरित

स्वच्छता अभियान में आरएएफ, सीआरपीएफ, गंगा मंच के कार्यकर्ताओं के अलावा शहर के अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। मुख्य अतिथि आरएएफ के कमांडेंट दिनेश सिंह चंदेल ने गंगा की स्वच्छता, निर्मलता के लिए योगदान करते रहने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि जो भी टॉस्क दिया जाएगा। उसमें उनके जवान शत-प्रतिशत सहभागिता निभाएंगे। वीआइपी घाट से लेकर संगम नोज तक सफाई अभियान चला। इस दौरान निकले कूड़ा को नगर निगम की कूड़ा गाडि़यों से निस्तारण के लिए भेजा गया। इस दौरान एनएमसीजी की ओर से संतोष कुमार और सौरभ जायसवाल, अपर नगर आयुक्त ऋतु सुहास, गंगा विचार मंच की अनामिका चौधरी आदि मौजूद रहीं।