कार्यकर्ताओं को सीएम ने दी नसीहत, चुनाव से पहले सरकार की उपलब्धियां पहुंचाए घरों तक

विधानसभा चुनाव की तर्ज पर नगर निगम चुनाव में भी जीत हासिल करने का आहवान

ALLAHABAD: विधानसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला है। जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को जनता की उम्मीदों के अनुसार काम करना चाहिए। अब हम सभी की जिम्मेदारी बनती है कि विधानसभा की तर्ज पर नगर निगम के चुनाव में जीत हासिल करने के लिए मेहनत करें। यह बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में कही।

29 को देंगे 100 दिन की रिपोर्ट

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सौ दिनों का टास्क लेकर काम करना शुरू किया है। 29 जून को टास्क का सौ दिन पूरा हो जाएगा। उसके बाद निगम चुनाव को देखते हुए अपने-अपने क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता केन्द्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें। योगी आदित्यनाथ ने बिजली से संबंधित शिकायतों के लिए टोल फ्री नम्बर 1912 के बारे में जनता को ज्यादा से ज्यादा जागरुक करने का आहवान किया। साथ ही डिजिटल ट्रांजेक्शन, स्वच्छता अभियान व केन्द्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को नसीहत भी दी कि कोई ऐसा काम ना करें कि पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचे। बैठक में विधायक हर्षवर्धन बाजपेई, प्रवीण पटेल, संजय गुप्ता, डॉ। अजय भारती, जिलाध्यक्ष गंगापार अमरनाथ तिवारी व जमुनापार जिलाध्यक्ष शिवदत्त पटेल, महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता, महामंत्री कुंज बिहारी मिश्रा, आशीष गुप्ता, रवि केशरवानी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुबोध सिंह, मृत्युंजय तिवारी, नंदलाल सिंह पटेल, रामरक्षा द्विवेदी, श्यामधर मिश्रा आदि मौजूद रहे।

बाक्स

सपा के लिए काम कर रहे अधिकारी

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं के निशाने पर जिले के पुलिस अधिकारी रहे। कार्यकर्ताओं ने अपनी पीड़ा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से व्यक्त की। कहा कि पुलिस के अधिकारी समाजवादी पार्टी की छवि से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। कार्यकर्ताओं की सुनवाई नहीं हो रही है। इस पर मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। पार्टी पदाधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बैठक से पहले सर्किट हाउस के सभागार में जमकर हंगामा हुआ। भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य ओपी द्विवेदी उस मंच के पास पहुंच गए जहां मुख्यमंत्री को बैठना था। यह बात डीएम संजय कुमार को खराब लगी तो उन्होंने श्री द्विवेदी को जमकर फटकार लगाई और बाहर निकलने को कहा। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। कार्यकर्ता डीएम के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। घटना से सभागार के अंदर और बाहर हड़कंप मच गया। कार्यकर्ताओं का आक्रोश देखकर डीएम बाहर निकल गए। हंगामे के चलते बैठक 20 मिनट विलंब से शुरू हुई।