- केंद्र और प्रदेश की सरकार विकास करने में जुटीं: सीएम

- मथुरा और आगरा में चुनावी सभाओं को किया संबोधित

आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश के हर शहर की लोकप्रिय वस्तुओं की मार्केटिंग की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडेक्ट में आगरा का पेठा और मथुरा का पेड़ा प्रमोट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार विकास करने में जुटी है। निकायों को पैसा देना चाहते हैं, लेकिन वहां भी उसका सदुपयोग हो।

चैक डेम से दूर होगा जल संकट

मुख्यमंत्री ने रविवार को आगरा के जीआईसी मैदान में और मथुरा के जुबली पार्क में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने आगरा की जनसभा में कहा कि आगरा ने व‌र्ल्ड हेरीटेज की तीन महत्वपूर्ण इमारत दी हैं। हम भी प्रोपुअर टूरिज्म के माध्यम से विकास में जुटे हैं। रबर चैक डेम से आगरा की पानी की समस्या को हल किया जा रहा है। नमामि गंगे प्रोजेक्ट गंगा तक सीमित नहीं रहेगा, उसमें यमुना को भी सम्मलित किया जाएगा। मेट्रो की डीपीआर तैयार कराई जा रही है। मल्टी स्टोरी पार्किंग की योजना बना चुके हैं। एलईडी स्ट्रीट लाइट से रास्तों को रोशन किया जाएगा।

प्रदेश में कारोबारी माहौल अच्छा

सूबे में वर्तमान समय अनुकूल है। दूसरे राज्यों से उद्योगपति, व्यापारी आ रहे हैं। पलायन कर चुके लोग भी लौट रहे हैं।

मथुरा में उन्होंने गोशाला संरक्षण को लेकर कहा कि प्रदेश के 16 नगर निगम क्षेत्रों में बड़ी गोशाला खोली जाएंगी और गाय के दूध, मूत्र और गोबर से प्रोडक्ट बनाकर रोजगार के अवसर भी पैदा करेंगे। बताया कि सरकार ने नई फेरी नीति बनाई है, जिसमें ढकेल व खोमचा वालों का पुनर्वास किया जाएगा। इससे शहरों में जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा और फुटपाथ व पटरियों पर रोजगार करने वालों को सहूलियत होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सपा सरकार जब सत्ता में आई, तो सबसे पहले कोसीकलां में दंगा हुआ था। उनकी सरकार को आठ महीने हो गए हैं, लेकिन कहीं कोई दंगा नहीं हुआ और न होने देंगे।