-देव दीपावली पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लेजर शो का किया इनॉगरेशन

-राजघाट से अस्सी तक अलकनंदा क्रूज पर सवार होकर देखा असंख्य दीपों से जगमगाते गंगा घाट

देश के धार्मिक, सांस्कृतिक व अध्यात्मिक शहर काशी में जो रंगीली और जो उत्सव है, वह देखते ही बन रही है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी को इसी रूप में देखना चाहते हैं। सौभाग्यशाली है कि तीनों लोक से न्यारी काशी में देव दीपावली का अद्भुत नजारा संपूर्ण विश्व में कहीं और नहीं देखने को मिलेगा। ये बातें सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को खिड़किया घाट पर आयोजित लेजर शो के शुभारंभ के दौरान कहीं। तय समय से घंटे भर विलंब से रात साढ़े आठ बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सीएम सीधे खिड़किया घाट पहुंचे। यहां अलकनंदा क्रूज पर सवार होकर अस्सी घाट तक गंगा घाटों पर अंसख्य दीपों से जगमगाता नजारा देखा। इसके बाद सतुआ बाबा आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिए। साथ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ। महेंद्रनाथ पांडेय, सूबे की कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, राज्यमंत्री डॉ। नीलकंठ तिवारी, काशी प्रांत के अध्यक्ष महेशचंद्र श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

भव्यता ने मोहा योगी का मन

गंगा घाटों पर आकर्षक दीपों से की गई सजावट को देखते ही सीएम भाव विभोर हो गए। दीपों की रोशनी में मानो नहा रही काशी की भव्यता मुख्यमंत्री को ऐसा भाया कि अपने ट्विटर एकाउंट पर लगातार काशी की देव दीपावली के नजारे फोटो, वीडियो के जरिए शेयर पोस्ट करते रहे। काशी वासियों को देव दीपावली की शुभकामनाएं दीं।