सीएम ने किया निरीक्षण, जल्द काम पूरा कराने के दिए निर्देश

पीपीगंज के चौक माफी में बन रहा गुरु गोरक्षनाथ कृषि विज्ञान केंद्र

GORAKHPUR: पीपीगंज के चौकमाफी में निर्माणाधीन गुरु गोरक्षनाथ कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण सीएम महंत योगी आदित्यनाथ ने किया। चौकमाफी शिव मंदिर में पूजा अर्चना के बाद निर्माण स्थल पर पहुंचे सीएम ने काम को जल्द से जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। सीएम ने कहा कि गुरु गोरक्षनाथ कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना से किसानों के आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। कृषि विज्ञान केंद्र भारत सरकार की विशिष्ट योजना है। यहां पर समय-समय पर किसानों को नई तकनीकों की जानकारी मिल सकेगी। पैदावार बढ़ाने के लिए किसानों को उम्दा किस्म के बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक पशु पालन, कृषि, मत्स्य पालन सहित अन्य क्षेत्रों के बारे में जानकारी देंगे। कृषकों को खेती के नए तौर-तरीके, बाजार और मांग के अनुसार जानकारी देकर उनकी आय बढ़ाने के लिए जिले में दो कृषि केंद्र हो जाएंगे। एक केंद्र पहले से संचालित हो रहा है। सीएम ने कहा कि कृषि केंद्र का मुख्य उद्देश्य किसानों को खेतीबारी के नए तकनीकि के साथ जोड़ना है।

प्रदेशभर में बनेंगे 20 नए कृषि विज्ञान केंद्र

सीएम ने कहा कि प्रदेश के भीतर 20 नए कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना की जाएगी। भारत सरकार ने बड़े जनपदों में दो-दो और छोटे जिलों में एक कृषि विज्ञान केंद्र बनाने के लिए अपनी सहमति दी है। पिछले एक साल के भीतर हम लोगों ने अधिकतर कृषि विज्ञान केंद्रों को सक्रिय किया है। इन कृषि विज्ञान केंद्रों को कृषि विश्वविद्यालयों से जोड़कर किसानों को ट्रेंड किया जाएगा। कृषि विज्ञान केंद्रों में समय-समय पर किसानों को जानकारी देने के लिए किसान छात्रावास भी बनाए जा रहे हैं। सीएम के निरीक्षण कार्यक्रम में डीएम सहित कई पुलिस-प्रशासन के अधिकारी के मौजूद रहे।