ष्ट॥न्हृष्ठढ्ढरु: सीएम रघुवर दास ने 230 करोड़ की लागत से बनने वाली दो सड़कों का बुधवार को शिलान्यास किया। इनमें ईचागढ़ और सिल्ली प्रखंडों को जोड़ने वाली सड़क रंगामाटी-टीकर-हजाम-बंता-सिल्ली और आदरडीह-मिलन चौक सड़क शामिल हैं। इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। लगभग एक घंटे तक चले इस शिलान्यास समारोह में रांची के सांसद रामटहल चौधरी, ईंचागढ़ विधायक साधु चरण महतो, सिल्ली विधायक अमित महतो, जिला परिषद अध्यक्ष शकुंतला माहली समेत अनेक लोग मौजूद थे।

झामुमो ने दिखाया काला झंडा

पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाया। पुलिस-प्रशासन की चौकसी के बावजूद हेलीपैड पर झामुमो के चांडिल प्रखंड अध्यक्ष कृष्ण किशोर महतो, पशुपति महतो और रोहीन महतो ने रांची रवाना होने के समय मुख्यमंत्री को को काला झंडा दिखाया और नारे लगाए। दरअसल जैसी ही मुख्यमंत्री रांची रवाना होने के लिए हेलीपैड पहुंचे, उसी समय मौके की तलाश में बैठे झामुमो कार्यकर्ताओं ने काला झंडा निकालकर दिखा दिया।

चौकसी पर सवालिया निशान

लाख तैयारियों के बावजूद झामुमो कार्यकर्ताओं द्वारा काला झंडा दिखाए जाने के बाद जिला प्रशासन की चौकसी पर सवालिया निशान लग गया। मंगलवार को चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी भगीरथ प्रसाद ने विरोध की आशंका के मद्देनजर झामुमो कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का आदेश दिया था। आला अधिकारियों की लगातार निगरानी के बावजूद प्रदर्शन ने तैयारियों को पोल खोल दी।

कार्यक्रम का बहिष्कार

समारोह के दौरान प्रशासनिक पदाधिकारियों और पुलिस के जवानों के अभद्र व्यवहार से आहत पत्रकारों ने कार्यक्रम का बहिष्कार किया। सुरक्षा का हवाला देकर पदाधिकारियों ने पत्रकारों के साथ अमर्यादित ढंग से व्यवहार किया। छायाकारों और मीडियाकर्मियों को मंच से पचास फीट पहले ही रोक दिया गया।