-सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीपीगंज, कैंपियरगंज, सहजनवा व खोराबार में कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

GORAKHPUR:

भाजपा प्रत्याशी उपेंद्र दत्त शुक्ल के लिए चुनाव प्रचार में गोरखपुर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने दूसरे दिन मंगलवार को पीपीगंज, कैंपियरगंज, सहजनवा और खोराबार में जनसभा कर विपक्षियों पर जमकर हमला बोला। साथ ही अपनी सरकार की योजनाओं को गिनाया।

सीएम ने कहा कि सपा-बसपा जनता को बांट कर सत्ता हासिल करती है। जबकि, भाजपा विकास में विश्वास करती है। हर चेहरे पर खुशहाली, हर हाथ को काम, यही भाजपा सरकार की पहचान है। 11 महीने की सरकार ने गरीबों को केंद्र में रखकर योजनाएं लागू कर रही है। इसलिए भाजपा का जीतना जरूरी है।

आइना होता है चुनाव

उन्होंने कहा कि चुनाव सरकारों का आइना होता है। जो विकास करता है। सत्ता उसके साथ होती है। भ्रष्टाचार और अपराध करने वाले को किसी भी दशा में बक्शा नहीं जाएगा, पहले योजनाओं के लिए हमलोगों को सड़क पर लड़ना पड़ता था, लेकिन हमारी सरकार ने विकास का द्वार खोल दिया है। इसलिए कार्यकर्ता खुद उपेंद्र शुक्ल बने और मतदाताओं के घर जाकर चुनाव में जीत के लिए जुट जाए। सपा की सरकार जिस जमीन पर बूचड़खाना खोलवाना चाहती थी। वहां हमने शिक्षा का मंदिर खोला है। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ सांसद बनाने तक सिमित नहीं है। देश को कमजोर करने वाली ताकतें भाजपा व मोदी के सामने चुनौती के रूप में खड़ी है। भाजपा की सरकार में जनता बहू- बेटियां सुरक्षित है।

जाना रोड का हाल

सीएम योगी ने कहा कि इस कार्यक्रम में हमें हेलीकाप्टर से आना था, लेकिन पीपीगंज से बायरोड आए। इसी बहाने रोड की दशा देख लिया। वहीं, इंद्रप्रस्थ लान खोराबार में आयोजित सीएम योगी आदित्यनाथ की सभा में विभिन्न दलों के लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा के क्षेत्रीय प्रवक्ता डॉ। सत्येन्द्र सिन्हा ने बताया कि सहजनवा विधानसभा के बूथ समिति सम्मेलन में मुख्यमंत्री के समक्ष बसपा के पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह उर्फ बृजेश सिंह, पिपरौली के पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामधारी यादव, कांग्रेस के जिला कोषाध्यक्ष राम प्रकाश शुक्ल ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

डॉ। सिन्हा ने बताया कि कैम्पियरगंज विधानसभा के बूथ समिति सम्मेलन में मुख्यमंत्री के समक्ष पूर्व विधायक व राज्यमंत्री बसपा जय प्रकाश निषाद, पूर्व राज्यमंत्री अच्छेलाल निषाद, जंगल कौडि़या के पूर्व ब्लॉक प्रमुख गोरख सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।