- सीएम योगी आदित्यनाथ ने आठ लोकसभा क्षेत्र के भाजपा संचालन समिति के साथ की बैठक

- लोकसभा चुनाव को लेकर युद्ध स्तर पर जुट जाने के लिए भरा जोश

GORAKHPUR: 2019 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर क्षेत्र से जुड़े भाजपा के आठ लोकसभा क्षेत्र संचालन समिति के साथ सर्किट हाउस में बैठक की। इस दौरान उन्होंने समिति के सदस्यों में जोश भरने के साथ राजनीतिक और सामाजिक समीकरण पर चर्चा की। सर्किट हाउस में लोकसभा क्षेत्रवार अनवरत आठ घंटे से अधिक समय तक चली बैठक में सीएम ने कहा कि पार्टी की केंद्र और प्रदेश सरकार के कार्यो से जनता पूरी तरह संतुष्ट है, जरूरत उसे वोट के रूप में सहेजने की है। ऐसे में लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत पक्की है। कार्यकर्ता जीत के लिए युद्ध स्तर पर जुट जाएं।

सीएम ने ली जानकारी

बैठक की शुरुआत बलिया संसदीय क्षेत्र के संचालन समिति के साथ हुई और यह सिलसिला सलेमपुर, आजमगढ़, लालगंज, घोसी, देवरिया, बांसगांव लोकसभा क्षेत्र होते हुए गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र तक पहुंच कर थमा। सीएम ने समिति के सदस्यों से बूथ लेबल तैयारियों का जायजा लिया और चुनाव के मद्देनजर वरिष्ठ पदाधिकारियों से लेकर पन्ना प्रमुख तक के प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन के बाद क्षेत्र के सामाजिक और राजनीतिक समीकरण के बारे में भी समिति के सदस्यों से विस्तारपूर्वक पूछा। मुख्यमंत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के प्रगति की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने आठ फरवरी को महाराजगंज में होने वाले बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन और 23-24 फरवरी को गोरखपुर में होने वाले भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों के बारे में भी विस्तार से चर्चा की और जरूरी निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रदेश के सह प्रभारी सुनील भाई ओझा, क्षेत्रीय प्रभारी पंकज सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ। धर्मेद्र सिंह, क्षेत्रीय मंत्री संगठन रत्‍‌नाकर के अलावा संबंधित लोकसभा क्षेत्र के सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, लोकसभा प्रभारी व संयोजक आदि मौजूद रहे।

बॉक्स

'भाजपा को कोई चुनौती नहीं'

बैठक के दौरान सीएम ने कार्यकर्ताओं की जमकर हौसलाफजाई की। सपा-बसपा गठबंधन के बाद बदले राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य की संसदीय क्षेत्रवार जानकारी लेने के बाद सीएम ने साफ तौर पर कहा कि भाजपा को किसी दल से कोई चुनौती नहीं है। केंद्र और प्रदेश सरकार के जनकल्याणकारी कार्य से जनता बेहद खुश है। इन कार्यो से लाभांवित होने वाले लोगों को सहेजने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने समिति के सदस्यों से कहा कि वह इस तरह से प्रयास करें कि लोकसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में कम से कम 50 फीसद वोट जरूर आएं। यह सुनिश्चित करना हर भाजपा जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कमल ज्योति संकल्प अभियान और भाजपा का घर हमारा घर अभियान के तहत बड़ी संख्या में जनता को पार्टी से जोड़ने की कोशिश की जाए। कार्यकर्ता यदि ऐसा करने में सफल हो गए तो कोई गठबंधन या विपक्ष की सियासी रणनीति भाजपा के विजय अभियान को रोक नहीं पाएगी। 23-24 फरवरी को गोरखपुर में होने वाले राष्ट्रीय किसान अधिवेशन की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा विश्वास है कि अधिवेशन और इस दौरान 24 फरवरी को होने वाली प्रधानमंत्री की रैली ऐतिहासिक होगी। कार्यकर्ताओं को इसके लिए अभी से युद्ध स्तर पर जुट जाना होगा। उन्होंने अधिवेशन में आठ हजार प्रतिनिधियों के हिस्सा लेने की उम्मीद जताई।

एतिहासिक होगी जीत

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने कहा कि पार्टी अपने सहयोगियों के साथ लोकसभा चुनाव में मजबूती से उतरेगी और फिर ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी। पार्टी के प्रति भारतीय समाज पार्टी सुहेलदेव के मुखिया और प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर के रुख पर सवाल का जवाब देते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि वह भाजपा के सहयोगी हैं, उनके साथ गठबंधन जारी रहेगा। दयाशंकर सिंह बलिया संसदीय क्षेत्र की लोकसभा संचालन समिति की बैठक में हिस्सा लेने गोरखपुर आए हुए थे।

'सीजनल नेता हैं प्रियंका'

लोकसभा संचालन समिति की बैठक में हिस्सा लेने आए भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा के लिए परिवार ही पार्टी है और पार्टी ही परिवार है। जबकि प्रधानमंत्री मोदी के लिए सारा संसार है। ऐसे में सपा-बसपा गठबंधन और प्रियंका गांधी की सक्रियता से भाजपा को कोई नुकसान नहीं होगा। रही बात प्रियंका की तो वह सीजनल नेता हैं।