-दो दिनी दौरे पर बनारस पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ

-प्रवासी भारतीय दिवस से संबंधित कार्यो का किया निरीक्षण

सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिनी दौरे पर शुक्रवार की शाम बनारस पहुंचे। उन्होंने जनवरी माह में आयोजित तीन दिवसीय प्रवासी भारतीय सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लिया। बड़ालालपुर स्थित टीएफसी और ऐढ़े गांव में बन रहे टेंट सिटी का निरीक्षण किया। सीएम तैयारियों देख संतुष्टि नजर आए। अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष कार्यो को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर समय से पूरा कराया जाए। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को मार्ग के नाला निर्माण का कार्य 15 दिन के अंदर पूरा कराने और सड़कों को पर्याप्त रूप से चौड़ीकरण कराए जाने का निर्देश दिया। इसके बाद विश्वनाथ कॉरिडोर के कार्यो को भी देखा। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर दीपक अग्रवाल व विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल सिंह से अन्य कार्यो के बारे में जानकारी हासिल की। देर रात सर्किट हाउस में आलाधिकारियों और चुनिंदा जनप्रतिनिधियों से शहर के विकास कार्र्यो और अन्य तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।

स्वागत में सजाएं शहर

21 से 23 जनवरी के बीच आयोजित प्रवासी भारतीय दिवस कार्यक्रम को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने शहर की साफ-सफाई व्यवस्था के साथ आकर्षक सजावट सुनिश्चित कराने पर भी विशेष जोर दिया। गंगा घाटों के साथ घाटों के आसपास भी पर्याप्त सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शहर के यातायात व्यवस्था के अलावा कार्यक्रम स्थलों पर पार्किग का इंतजाम भी सुचारू रूप से सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि काशी का आतिथ्य पूरी दुनिया में जाना जाता है। काशी आने वाले प्रवासी भारतीयों का इस प्रकार स्वागत होना चाहिए कि वे काशी से एक नई स्मृति एवं अनुभव को सजों कर अपने वतन जाएं।

समय से होंगे पूरे काम

प्रवासी भारतीय दिवस कार्यक्रम की अब तक की तैयारियों के बारे में कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को विस्तार से अवगत कराते हुए आश्वस्त किया की सभी तैयारी शासन की मंशा के अनुरूप समय से पूर्ण करा लिए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान सूबे के विधि-न्याय, युवा कल्याण, खेलकूद एवं सूचना राज्य मंत्री डॉ। नीलकंठ तिवारी, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं पर्यटन अवनीश कुमार अवस्थी, एडीजी जोन पीवी रामाशास्त्री, कमिश्नर दीपक अग्रवाल, आईजी रेंज विजय सिंह मीणा, डीएम सुरेंद्र सिंह, एसएसपी आनंद कुलकर्णी आदि शामिल रहे।