- सीआरबी एके मित्तल ने किया इंस्पेक्शन

PATNA: रेलवे बोर्ड के चेयरमैन एके मित्तल ने शनिवार को पाटलिपुत्रा जंक्शन से दीघा गंगापुल होते हुए पहलेजा जंक्शन तक का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व मध्य रेल के जीएम आदित्य कुमार मित्तल के साथ साथ कई वरीय अधिकारी भी मौजूद थे। इस दौरान सीआरबी ने पाटलिपुत्र जंक्शन, दीघा गंगा ब्रिज और पहलेजा जंक्शन का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए।

पहलेजा जंक्शन का किया निरीक्षण

लौटने के क्रम में सीआरबी का टावर वैगन पहलेजा जंक्शन पर रुका। इस दौरान मित्तल ने पहलेजा जंक्शन के मॉडल का अवलोकन किया। साथ ही जंक्शन के वेटिंग हॉल, प्लेटफार्म, रिले रूम, कंट्रोल पैनल आदि का भी बारी-बारी से इंस्पेक्शन किया। चेयरमैन ने पहलेजा जंक्शन के कुछ डिजाइन पर आपत्ती भी जतायी जिसे अधिकारियों को दुरुस्त कर लेने का वादा किया। सीआरबी मित्तल ने रिले रूम को लेकर खास निर्देश दिए। रिले रूम की खिड़की की ऊंचाई को देखकर उन्होंने कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट को सलाह दी कि इसकी ऊंचाई बढ़ा दी जाये, जो जमीन से कम से कम छह फुट ऊपर होनी चाहिए।

तालमेल का दिखा अभाव

सीआरबी को कई कामों में डिपार्टमेंट के बीच को-ऑर्डिनेशन का अभाव दिखा। उन्होंने सोनपुर मंडल के डीआरएम को निर्देश दिया कि बेहतर रिजल्ट के लिए कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट के साथ मिलकर काम करें। साथ ही जंक्शन के सीपेज आदि को ठीक करने की सलाह दी। वहंी सीआरबी ने जंक्शन पर बन रहे यात्री शेड, एफओबी आदि को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।

ब्रिज पर ही देखा प्रजेंटेशन

पहलेजा से लौटने के क्रम में सीआरबी ने दीघा गंगा ब्रिज पर रुककर अधिकारियों से मंत्रणा की। साथ ही कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारियों से भी वर्तमान स्थिति के बारे में पड़ताल की। ब्रिज के ट्रैक का उन्होंने निरीक्षण किया और उसके बाद ब्रिज के ऊपर चल रहे सड़क निर्माण कार्य को भी देखा। इस बीच कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारियों ने सीआरबी को एक पीपीटी प्रजेंटेशन से ब्रिज के बारे में जानकारी दी। साथ ही शुरू से लेकर अब तक ब्रिज का काम किस गति से आगे बढ़ा है इसकी वीडियो भी सीआरबी ने देखी।