Meerut। मौसम अपनी रौ में चल रहा है। रात और सुबह को अचानक ठंड तेज हो जाती है तो दिन में गर्मी बेहाल कर देती है। तापमान में अभी भी दिन और रात बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। अक्टूबर का पहला पखवाड़ा बीतने को है लेकिन दिन की गर्मी लोगों को परेशान किए है, जबकि रात और सुबह ठंड लगती है। बदलता मौसम लोगों की सेहत भी बिगाड़ रहा है।

तापमान में बहुत अंतर

कृषि विद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ। एन। सुभाष की मानें तो वर्तमान समय में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर सात-आठ डिग्री से ज्यादा नहीं होना चाहिए। जबकि दिन-रात के तापमान में करीब आधे का अंतर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। वह अधिकतम आ‌र्द्रता 72 प्रतिशत व न्यूनतम आ‌र्द्रता 39 प्रतिशत रहा है। डॉ। एन। सुभाष के मुताबिक अभी 30 अक्टूबर के बाद मौसम तेजी से बदलेगा और ठंड अपना असर दिखाने लगेगी।

रात में हल्की ठिठुरन

दिन में चिलचिलाती धूप और गर्मी और रात होते-होते ठंडी हवा का चलना सेहत के लिए हानिकारक साबित हो रहा है। दिन का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास और रात का तापमान 18 डिग्री के पास पहुंच जाता है। मौसम का यह अजीब मिलाजुला रूप सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहा है। इससे लोग वायरल की चपेट में आ रहे हैं। जो एक-दो दिन के बजाय हफ्तों में जैसे-तैसे ठीक हो पा रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी सर्दी खांसी में है जो लंबे समय तक ठीक नहीं हो पा रही है। इसकी चपेट में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी हैं। डॉक्टर के पास मरीजों की भीड़ लग रही है।