उत्तर से उत्तर पूर्व की तरह चली तेज सर्द हवाएं

- सर्द हवाओं और गलन भरी सर्दी में ठिठुरते रहे लोग

आगरा। ताजनगरी में रविवार को सर्द हवाओं ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी। न्यूनतम तापमान भले ही सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा लेकिन पूरे दिन चली हवाओं ने लोगों को घरों में कैद कर दिया। बादल छाए रहने के कारण बारिश की आशंका भी बनी रही।

तापमान में बढ़ोत्तरी और नमी के चलते बादल छाए रहे। बुलंदशहर, दिल्ली और नोएडा में हुई बारिश और बूंदाबांदी से सुबह से ही शीत लहर चलती रहीं। 10 बजे के बाद शीत लहर तेज हो गई। उत्तर से उत्तर पूर्व की तरफ 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से सर्द हवाएं चलीं। हवाएं चलने से बादल छाने के बाद भी बारिश नहीं हुई, दोपहर में धूप निकली लेकिन बादलों में धूप छिप गई। शाम होते ही सर्द हवाएं तेज हो गई। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 9.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 20.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह शनिवार को 22.4 डिग्री रहा।

आज निकलेगी धूप, तापमान में गिरावट की संभावना

शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक पहुंच गया था, इसके बाद से तापमान लगातार बढ़ रहा है। दो दिनों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के करीब पहुंच चुका है, यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। वहीं, अधिकतम तापमान 22 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार से धूप निकल आएगी, बादल नहीं छाएंगे। वहीं, न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इस सप्ताह के अंत में धुंध और सुबह कोहरा छाया रह सकता है।

ये रहा मौसम का हाल

न्यूनतम तापमान - 9.9 सामान्य से तीन डिग्री अधिक

अधिकतम तापमान - 20.4 सामान्य से दो डिग्री कम

हवा - 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड, उत्तर से उत्तर पूर्व की तरफ चली हवाएं