RANCHI: राजधानी रांची से सटे कांके का न्यूनतम तापमान हिमालय की तलहटी में बसे शिमला से भी नीचे आ पहुंचा है। कड़ाके की पड़ रही ठंड के बीच रविवार सुबह कांके का न्यूनतम पारा 1.2 डिग्री सेल्यिसस रिकॉर्ड किया गया। जबकि शिमला का न्यूनतम पारा रविवार सुबह 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि भौतिकी एवं पर्यावरण विभाग द्वारा दर्ज रिकॉर्ड के मुताबिक कांके का न्यूनतम तापमान रविवार को भी 1 डिग्री नीचे आ गया। शनिवार को कांके का न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री था, लेकिन रविवार को यहां का पारा 1.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पारा में गिरावट दर्ज किए जाने से घास और पत्तों में बर्फ की हल्की परत देखी गई। यहां का तापमान 22 दिसंबर को 2.2 डिग्री सेल्सियस और 21 दिसंबर को 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

बर्फ बन गई ओस की बूंदें

रविवार सुबह कांके के गांधीनगर क्षेत्र में ओस की बूंदें बर्फ बन गईं। रविवार सुबह कांके के गांधीनगर क्षेत्र में ओस की बूंदें बर्फ बन गईं। 3-4 दिनों में अभी तापमान और गिरने की संभावना है, इसलिए ठंड और बढ़ेगी।

3-4 दिन ऐसी ही ठंड

बीएयू के कृषि भौतिकी एवं पर्यावरण विभाग के अध्यक्ष डॉ ए वदूद के मुताबिक इस मौसम में तापमान में गिरावट आना लाजिमी है। इसमें उतार-चढाव हवा के चलने की गति पर भी निर्भर करता है और आने वाले तीन-चार दिनों तक ठंड का असर बरकरार रहेगा। इधर, कनकनी बढ़ने से लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। घर में भी रूम हीटर और अलाव जला रहे हैं। जरूरी काम होने पर ही लोग शाम ढलने के बाद घरों से बाहर निकलना पसंद कर रहे हैं। दिन में धूप सुहानी लग रही है। ऑफि स में भी उपलब्ध होने पर लोग रूम हीटर का सहारा ले रहे हैं।

ठंड से ठिठुरा शहर

पिछले तीन चार दिनों से शहर के लोग ठंड की चपेट में है। तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि दिसम्बर के आखिरी सप्ताह से 15 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज हो सकती है। हिमालय की ओर से आ रही ठंडी हवा के कारण रांची सहित पूरे झारखंड में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस सीजन के दिसंबर में तीसरा दिन है, जब जबरदस्त ठंड पड़ी है। रविवार को रांची का न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, कांके का न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

उत्तरी जिलों में शीतलहर

भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक आरएस शर्मा ने कहा कि सोमवार को झारखंड के उत्तरी जिले में शीतलहर चलने की संभावना है। मौसम केंद्र ने 24 से 27 दिसंबर तक जबरदस्त ठंड पड़ने की संभावना जताई है, इस दौरान न्यूनतम तापमान आठ से छह डिग्री रहने की संभावना है। वहीं, रात में तापमान सामान्य से दो-चार डिग्री नीचे रहने की संभावना है।