-बदला मौसमी मिजाज, घने कोहरे के साथ ही पड़ रही कड़ाके की ठंड

-सर्दी बढ़ने से गरीब लोग परेशान, अलाव का नहीं इंतजाम

VARANASI

शहर के मौसमी मिजाज पर कोल्ड फ्रंट का असर आया और लोग कड़ाके की ठंड में ठिठुरने लगे। सुबह आंख खुली तो लोगों ने शहर को घने कोहरे के आगोश में पाया। कोहरे का पहरा होने के चलते सूर्य नारायण ने भी देर से दर्शन दिया। जिसके चलते हल्की राहत रही पर शाम होते होते ठंड की तासीर और गाढ़ी हो गयी। कोहरा भी पड़ने लगा जिसके चलते वाहन को चलाने में खासी दिक्कत हुई। सर्दी बढ़ने से गरीब लोग परेशान हैं। इनके लिए शहर में फिलहाल अलाव का इंतजाम नहीं है।

सन-सन कर बही ठंडी हवा

ठंडी हवा भी चलने लगी है, जिसके कारण कोहरे का भी कहर बढ़ गया है। अधिक ठंड बढ़ने से जिले में दो लोगों की मौत हो गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार कोल्ड फ्रंट के कारण औसतन तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है। कारण कि इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान में अचानक भारी गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को जहां मैक्सिमम टेम्प्रेचर 24 डिग्री सेल्सियस था, वहीं मंगलवार को यह आंकड़ा 18.7 तक आ गिरा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह खतरे की घंटी मानी जा सकती है। हालांकि मिनिमम टेम्प्रेचर में मामूली बढ़त दर्ज की गई। मौसम विज्ञानी प्रो। एसएन पाण्डेय ने बताया कि अधिकतम तापमान में गिरावट घातक है। गलन भरी ठंड व सर्द हवा अभी जारी रहेगी। साथ ही कोहरे का भी असर रहेगा।

बॉक्स

ठंड ने ली दाे की जान

मौसम के चलते चौबेपुर में दो लोगों की मौत हो गयी। गरथौली गांव निवासी 80 वर्षीय भगवंता शाम भोजन के बाद सो गए। पर सुबह उठे नहीं। परिजनों के अनुसार भगवंता की मौत ठंड के कारण हुई। वहीं बजरडीहा निवासी 20 वर्षीय संतोष कन्नौजिया रामचंदीपुर बालू लादने आया था जहां उसकी ठंड से मौत हो गई। हालांकि ठंड से मौत की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी।