-मंडे से डेढ़ सेक्शन पीएसी होगी तैनात, सीसीटीवी कैमरे भी लगेंगे

-डीएम से वार्ता के बाद कलक्ट्रेट कर्मचारियों की हड़ताल खत्म

KANPUR: अब कलेक्ट्रेट में बवाल व तोड़फोड़ करना वकीलों को भारी पड़ जाएगा। वहां सुरक्षा के लिए मंडे से डेढ़ सेक्शन पीएसी तैनात कर दी जाएगी। साथ ही कई सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे, जिससे बवाल करने वालों की पहचान बेहद आसानी से हो जाएगी।

सोमवार को एक अधिवक्ता की गिरफ्तारी व जेल भेजे जाने के बाद भड़के वकीलों ने कलेक्ट्रेट व एसीएम-5 की अदालत में तोड़फोड़ कर दी थी। यही नहीं कलक्ट्रेट के कुछ कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। इस घटना से गुस्साए कलक्ट्रेट कर्मचारी हड़ताल पर चले गए।

वकीलों के खिलाफ नारेबाजी

गुरुवार को चौथे दिन भी कर्मचारी हड़ताल पर रहे और परिसर में धरना देकर वकीलों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कलक्ट्रेट कर्मियों के समर्थन में अमीन संघ और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ ने भी कार्य बहिष्कार कर दिया। यूपी मिनिस्ट्रियल कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ का कहना है कि आए दिन अधिवक्ताओं द्वारा इस तरह की घटना की जा रही है।

जब तक सुरक्षा नहीं मिलेगी

धरने पर बैठे कर्मचारियों को डीएम कौशलराज शर्मा ने वार्ता के लिए बुलाया। संघ के अध्यक्ष राजेश सचान व जनरल सेकेट्री नितिन प्रकाश गुप्ता ने कहा कि सुरक्षा न होने से इस तरह की घटनाएं होती हैं। जब तक उन्हें पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिलेगी, तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगे।

हड़ताल खत्म करने की घोषणा

इस पर डीएम ने आश्वासन दिया कि तत्काल प्रभाव से डेढ़ सेक्शन पीएसी तैनात होगी। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। डीएम के आश्वासन पर कर्मचारियों ने भरोसा जताते हुए हड़ताल खत्म करने की घोषणा की। गुरुवार को धरने में संदीप सिंह, शरद कुमार पाण्डेय, विनीत तिवारी, सैयद हिदायतउल्ला काजमी, पीके श्रीवास्तव, अंजली श्रीवास्तव, नरेश कुमार, आनन्द गुप्ता आदि रहे।

(वर्जन - डीएम)

'कलेक्ट्रेट में सोमवार से डेढ़ सेक्शन पीएसी तैनात होगी। कलेक्ट्रेट में अंदर व बाहर सभी जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। अधिवक्ताओं और कर्मचारियों की एक समन्वय समिति का गठन बार एसोसिएशन से वार्ता के बाद किया जाएगा। इससे जरा-जरा सी बात पर माहौल खराब होने पर अंकुश लग सकेगा.'

कौशलराज शर्मा,

डीएम कानपुर नगर

- कलक्ट्रेट की सुरक्षा बहुत जरूरी है। इस तरह के हंगामे से यहां काम बहुत प्रभावित होता है।

राजेश सचान, अध्यक्ष यूपी मिनिस्ट्रियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ

- पहले भी कई बवाल हो चुके, लेकिन कोई कार्रवाई नही की गई। अब इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

नितिन प्रकाश गुप्ता

महामंत्री, यूपी मिनिस्ट्रियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ

----------

- कुछ वकीलों ने ही माहौल को खराब कर रखा है। कर्मचारियों के साथ मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

राजकुमार शुक्ला

- वकीलों द्वारा कई बार इस तरह की अराजकता की गई। इस पर अंकुश बेहद जरूरी है।

प्रकाश चौधरी