RANCHI: सर, कॉलेज जाना चाहती हूं। पढ़ना चाहती हूं। पर, कुछ शोहदे इतना तंग कर रहे हैं कि कॉलेज जाना तो दूर घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। यह फरियाद गुरुवार को सुखदेव नगर थाने में परिजनों के साथ फरियाद करने पहुंची मारवाड़ी कॉलेज की एक 16 वर्षीया छात्रा ने इंस्पेक्टर को सुनाई। पीडि़त छात्रा ने बताया कि गुलशन महतो उर्फ राजा महतो नामक युवक ने उसका जीना मुहाल कर दिया है। वह खुद को झारखंड जगुआर में पोस्टेड जवान का बेटा बताता है। अपने साथियों के साथ पब्लिक प्लेस से लेकर कॉलेज तक पीछा कर रहा है। रास्ते भर शर्मिदा कर रहा है। प्लीज, उससे छुटकारा दिलाईए। इसके बाद पुलिस ने एक आवेदन देने का कहा। आवेदन मिलते ही पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पोक्सो एक्ट का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

क्या है मामला

सुखदेवनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली मारवाड़ी कॉलेज की 16 वर्षीया छात्रा के साथ गुलशन महतो उर्फ राजा महतो नामक युवक अक्सर छेड़खानी कर रहा है। छेड़खानी से तंग आकर छात्रा ने कॉलेज जाना छोड़ दिया। एक दिन परेशान होकर छात्रा ने अपने साथ हुई वारदात की जानकारी अपने माता-पिता को दी। माता-पिता ने इसे गंभीरता से लिया, फिर सुखदेवनगर थाना पहुंच गई। छात्रा को जो युवक छेड़ता है, वह खादगढ़ा सब्जी मार्केट के पास रहता है।

सरेआम उठाने की कोशिश

छात्रा ने कहा है कि नौ अगस्त की सुबह जब वह कॉलेज जा रही थी, तभी राजा पीछे से आया और उसका हाथ पकड़कर जबरन खींचने और अगवा करने की कोशिश की। शोर मचाने पर वह हाथ छोड़कर भाग गया।

अपहरण की देता है धमकी

छात्रा ने बताया कि आरोपी राजा महतो अपहरण की धमकी देता है और कहता है कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। जहां शिकायत करना है, कर लो?

6 महीने से झेल रही छेड़खानी

छात्रा पिछले छह महीने से छेड़खानी की समस्या से अकेले जूझ रही है।