-कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री संतोष गंगवार और यूपी सरकार के वित्त मंत्री भी रहेंगे मौजूद

BAREILLY :

श्री शिरडी साई सेवा ट्रस्ट सीएम सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत 53 निर्धन कन्याओं की शादी कराने जा रहा है। सामूहिक विवाह कार्यक्रम 16 दिसम्बर को गांधी उद्यान सिविल लाइंस में सुबह 9 बजे संपन्न होंगे। यह जानकारी फ्राइडे को शिरडी साई मंदिर के सर्वराकार सुशील कुमार पाठक ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष गंगवार, यूपी सरकार के वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल, मेयर डॉ। उमेश गौतम, विधायक राजेश मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष रविन्द्र सिंह राठौर, सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, पूर्व सांसद प्रवीन सिंह ऐरन, गुलशन आनंद, अनिल शर्मा और उमेश कठेरिया, डीएम, सीडीओ के साथ अन्य अफसर भी मौजूद रहेंगे।

पांच कन्याओं के होंगे निकाह

सामूहिक विवाह योजना में 53 निर्धन कन्याओं की शादी होगी। इसमें पांच निकाह और 48 विवाह होंगे। 16 दिसम्बर को सुबह 9 बजे सभी दूल्हे शिरडी साई मंदिर से घोड़ों पर बैठकर बैंड बाजे के साथ गांधी उद्यान के लिए रवाना होंगे। वहां पर सबसे पहले जयमाल कार्यक्रम होगा। इसके बाद फेरे कराए जाएंगे। सामूहिक विवाह योजना में 2 विधवाओं और एक तलाक शुदा महिला का विवाह कराया जा रहा है। सभी जोड़ों को सीएम सामूहिक विवाह योजना के तहत 25 हजार रुपए नकद और 5 हजार का सामान मिलेगा। जबकि अन्य कन्याओं की शादी में 20 हजार नकद और 10 रुपए का सामान दिया जाएगा। पं। सुशील कुमार पाठक ने बताया कि शिरडी साई सेवा ट्रस्ट की तरफ से भी कन्याओं के कन्यादान में सहयोग किया जा रहा है। इसमें एक जोड़े के साथ करीब पचास लोगों के खाना की भी व्यवस्था रहेगी।