आज सांकेतिक बंदी के साथ करेंगे धरना प्रदर्शन

मनमाना जुर्माना व बर्बरतापूर्वक कार्रवाई का आरोप

ALLAHABAD: कभी सुंदरीकरण, कभी चौड़ीकरण व कभी अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम पर हो रही मनमाना वसूली और कार्रवाई से परेशान सिविल लाइंस के व्यापारियों ने अब आंदोलन की तैयारी कर ली है। ये शुक्रवार को एडीए व नगर निगम के खिलाफ अपनी दुकानें बंद कर धरना प्रदर्शन करेंगे। सिविल लाइंस व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुशील खरबंदा, महामंत्री शिवशंकर सिंह व कोषाध्यक्ष अमित अग्रवाल ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह जानकारी दी।

व्यापारियों ने कहा कि सिविल लाइंस के व्यापारियों से मनमाना जुर्माना वसूला जा रहा है। चालान और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर परेशान किया जा रहा है। अब व्यापारी चुप नहीं बैठेंगे। क्योंकि पिछले दो साल से व्यापारियों के उत्पीड़न का सिलसिला सा चल पड़ा है। अध्यक्ष सुशील खरबंदा ने कहा कि बिना किसी सूचना के फोर्स के साथ टीम पहुंचती है और दुकान व शोरूम पर जुर्माना लगाकर चली जाती है। जबकि क्षेत्र में एडीए और नगर निगम की ओर से ही अतिक्रमण को संरक्षण दिया जा रहा है। ब्यूटीफिकेशन के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी नालों में गंदगी का अंबार है। मल्टीलेवल पार्किंग जुआरियां व शराबियों का अड्डा बन गया है। नगर निगम द्वारा टैक्स की दर 500 गुना तक बढ़ा दी गई, लेकिन सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। महामंत्री शिवशंकर सिंह ने कहा कि व्यापारी अब व्यापार बंद करने की स्थिति में आ गया है। शासन के आदेश के बाद भी अभी तक वेंडिंग जोन नहीं बन सका है।