भारत को अब तक मिले इतने पदक

ऑस्ट्रेलिया में चार अप्रैल से शुरु होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ी अपना दमदार प्रदर्शन करने तो बेताब है। हर चार साल में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत ने अब तक 438 पदक जीते हैं। इसमें 155 गोल्ड, 155 सिल्वर और 128 ब्रांज मेडल शामिल हैं। भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान की बात करें तो उनके खिलाड़ियों का राष्ट्रमंडल खेलों में प्रदर्शन भारत की तुलना में निराशाजनक है। पाकिस्तान ने अभी तक 12 प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया, जिसमें 24 गोल्ड, 24 सिल्वर और 21 ब्रांज सहित कुल 69 पदक मिले हैं। इससे दोगुने तो भारत के पास गोल्ड हैं।

सबसे ज्यादा पदक जीतने वाला चौथा देश

भारत ने सबसे पहली बार 1934 में कॉमनवेल्थ में हिस्सा लिया था। तब भारत 12वें पायदान पर था। उस वक्त भारत को सिर्फ एक मेडल मिला था, वो भी ब्रांज। मगर इस वक्त भारत कॉमनवेल्थ गेम्स में सबसे ज्यादा पदक जीतने वाले देशों की टॉप 5 लिस्ट में शामिल है। भारत फिलहाल चौथे नंबर पर है जबकि भारतीय खिलाड़ियों ने सिर्फ 16 बार इसमें हिस्सा लिया। वहीं टॉप 3 जो देश हैं उसमें ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और कनाडा हैं जिन्होंने आज तक एक भी राष्ट्रमंडल खेल मिस नहीं किया। सबसे ज्यादा पदक कंगारूओं खिलाड़ियों ने जीते हैं। ऑस्ट्रेलिया के खाते में कुल 2218 पदक हैं। इसमें 852 गोल्ड, 716 सिल्वर औश्र 650 ब्रांज हैं।

मिल्खा सिंह ने जीता था पहला गोल्ड

भारत के लिए राष्ट्रमंडल खेलों में पहला पदक रशीद अनवर ने 1934 में जीता था। मगर स्वर्ण पदक के लिए भारत को 24 साल का लंबा इंतजार करना पड़ा। साल 1958 में भारत के मिल्खा सिंह ने भारत को राष्ट्रमंडल खेलों में पहला स्वर्ण पदक दिलाया था। उन्होंने 1958 में कार्डिफ में हुए खेलों में 400 मीटर की रेस में गोल्ड जीता था। इसके बाद हर बार जब राष्ट्रमंडल खेल हुए, भारत को गोल्ड जरूर मिला। भारत ने अभी तक सबसे ज्यादा स्वर्ण पदक साल 2010 में जीता था। उस वक्त खिलाड़ियों ने भारत को 38 गोल्ड मेडल दिलाए थे।