- मस्जिद में लाउड स्पीकर बंद कराने पर विवाद

- पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया

-पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया

Meerut : गुरुवार रात लिसाड़ी गेट थाना एरिया अंतर्गत लिसाड़ी गांव में मस्जिद से चंदे की मांग कर रहे लोगों से माइक बंद करने की मांग करने गए लोगों की बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। एक घंटे तक दोनो ओर से फायरिंग और पथराव का दौर चलता रहा। एक महिला और दो युवक गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दो लोग पथराव में घायल हो गए। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने मामला शांत कराया। देर रात तक गांव में तनाव बरकरार था।

क्या है मामला

लिसाड़ी गांव में अभिषेक गुर्जर के बेटे का जन्मदिन था। जन्मदिन की तैयारियां जोरो पर चल रही थी। आने-जाने वाले लोगों का दौर चल रहा था। रात करीब आठ बजे घर के सामने मस्जिद में कुछ लोग चंदे की मांग कर रहे थे। राकेश ने बच्चे के जन्मदिन का हवाला देते हुए स्पीकर की आवाज हल्की करने को कहा। आवाज हल्की न करने पर अभिषेक भी मौके पर पहुंचे और मस्जिद में ताला लगाने की धमकी दी। इस पर कुछ लोगों ने अभद्रता शुरू कर दी। दोनो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इस बीच फायरिंग के साथ पथराव भी शुरू हो गया।

पांच लोग घायल

फायरिंग और पथराव में लिसाड़ी गांव में अफरा-तफरी मच गई। मामला शांत कराने में पुलिस का पसीना छूट गया। फायरिंग में पांच लोग घायल हो गए, असगरी नाम की महिला के पेट पर गोली लगी है, जबकि खुर्रम की पीठ पर गोली लगी है। एक की कलाई पर गोली लगी है, जिसका नाम रात तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पथराव में सचिन और बबलू भी घायल हो गए। पट्टी कराने के बाद इन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है।

एसएसपी ने संभाला मोर्चा

दोनो ओर से पथराव चल रहा था, कोई ईट फेंक रहा था तो कोई पत्थर। फायरिंग भी हो रही थी। इस बीच एसएसपी ओंकार सिंह, एसपी सिटी ओमप्रकाश फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की। काफी देर चले हंगामे के बाद ही पुलिस मामले को शांत कराने में कामयाब हो सकी।

कहासुनी के बाद मारपीट और पथराव हो गया था, जिसमें तीन लोग घायल हुए है। कुछ लोग हिरासत में लिए गए है। शहर की फिजा खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

- ओमप्रकाश, एसपी सिटी, मेरठ