- भाजपा नेताओं ने किया सीओ का घेराव, कहा नहीं चलने दी जाएगी तानाशाही

- बाद में पॉट हटाने के बाद माने विशेष संप्रदाय के लोग, शांत हुआ मामला

Meerut: आरजी इंटर कॉलेज के पास छीपी टैंक पर कब्रिस्तान की दीवार पर यूरीनल पॉट लगाए जाने को लेकर बवाल खड़ा हो गया। दो संप्रदाय के लोग आमने-सामने आ गए। विशेष संप्रदाय के लोगों ने पॉट तोड़ दिया, जिसके बाद भाजपाई आक्रोशित हो गए। सूचना पर चार थानों की फोर्स और दो तीन सर्किल ऑफिसर मौके पर पहुंचे और गुस्साए भाजपाइयों को शांत कराया। करीब दो घंटे चले विवाद के बाद ही मामला शांत हो सका।

क्या है मामला

नगर निगम वार्ड ब्क् की पार्षद के पति बलराज गुप्ता एक एनजीओ पहल एक प्रयास की सहायता से कब्रिस्तान की दीवार पर यूरीनल पॉट लगवाए थे, जिसका दूसरे संप्रदाय के दुकानदार सलीम समेत तमाम दुकानदारों ने विरोध जताया। दोनो संप्रदाय के लोगों के बीच तनातनी हो गई। गुस्से में विशेष संप्रदाय के लोगों ने लात मारकर सीट तोड़ दिए, जिसके बाद बलराज गुप्ता का गुस्सा फूट गया और उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर विशेष संप्रदाय के युवकों की पिटाई कर दी। इसके बाद दोनों संप्रदाय के लोगों में आक्रोश फैल गया और हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर लालकुर्ती विजय कुमार सिंह ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन कोई भी पक्ष शांत होने के लिए राजी नहीं हुआ। मामला बढ़ता देख सीओ शिवराज सिंह, रूपेश सिंह और मनीष मिश्रा मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन नहीं माने। इस बीच पूर्व विधायक अमित अग्रवाल, भाजयुमो नेता कमल दत्त शर्मा और संदीप गोयल रेवड़ी मौके पर पहुंच गए और सीओ का घेराव कर लिया। उनका कहना था कि जब पार्षद पति पॉट हटवाने की बात मान गए थे तो दूसरे संप्रदाय के लोगों ने उसे लात मारकर क्यों तोड़ा? काफी देर चली गरमागरमी के बाद ही मामला शांत हो सका।

नगर आयुक्त और मजिस्ट्रेट से बात करेंगे

कमल दत्त शर्मा और बलराज गुप्ता ने कहा कि दूसरे संप्रदाय का यह रवैया सही नहीं है। वह इसके खिलाफ नगर आयुक्त से मिलकर पेशाब करने के लिए पॉट लगाने की मांग रखेंगे। दूसरे संप्रदायों की तानाशाही सही नहीं है। इसके लिए एसीएम सदर राम भरत तिवारी से लिखित में शिकायत करने की बात कही।

मौके पर पहुंचकर दोनो संप्रदाय के लोगों को शांत करा लिया गया। पेशाब करने के लिए लगाए गए पॉट को हटा दिया गया। अब किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं है। किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।

विजय कुमार सिंह

एसओ

लालकुर्ती