ALLAHABAD: उम्र के जिस पड़ाव में लोग उम्मीदों से दामन छुड़ाने लगते हैं, उस उम्र में जनाब ने खुद कंपनी खोलकर युवाओं को सोचने पर मजबूर कर दिया है। आइडिया भी इतना इनोवेटिव है कि लोग सोचते रह जाएंगे। बात हो रही 74 साल के लखनलाल जायसवाल की। दो साल पहले उन्होंने कोढ़ापुर आर्गनिक प्रोडक्ट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड शुरू किया। इस कंपनी का काम किसानों को जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित कर लोगों को सेहत के प्रति जागरुक करना है। लखनलाल कंपनी के बोर्ड आफ डायरेक्टर्स में शामिल हैं और उनके साथ जिले के दो सौ किसान जुड़ चुके हैं।

खुद देखते हैं एकाउंट

लखनलाल वर्ष 2002 में एसबीआई मेन ब्रांच से टेलेक्स इंचार्ज के पद से रिटायर हुए थे। इसके बाद वह अपने घर पर खेती किसानी का काम देखने लगे। दो साल पहले पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बीडी सिंह और तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर कंपनी शुरू कर दी। वह खुद कहते हैं कि खेती में यूज हो रहे अंधाधुंध केमिकल से लोगों की सेहत खराब हो रही है। इसलिए जैविक खेती को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। इस खेती से उपजे अनाज का मार्केट में भरपूर दाम मिलता है और यह स्वादिष्ट भी होता है। लखनलाल इस उम्र में अपने बेटों सहित तमाम युवाओं के लिए किसी इंस्पीरेशन से कम नही है।