- डीएम ने कहा, कांग्रेस ने नहीं मांगी मार्च की अनुमति

- कांग्रेस बोली, डीएम ने प्रतिनिधिमंडल को नहीं दी अनुमति

LUCKNOW: कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी का आगामी 29 जुलाई को राजधानी के रमाबाई अंबेडकर मैदान से राजभवन तक का पैदल मार्च पर परमीशन का पंगा हो गया है.कांग्रेस का कहना है कि जिला प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी है जिससे मार्च को स्थगित कर दिया गया है। वहीं राजधानी के डीएम राजशेखर के मुताबिक, कांग्रेस ने मार्च करने की अनुमति नहीं मांगी है। यूपी चुनाव में दमदार तरीके से अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कांग्रेस की कोशिश को इस नई अड़चन से गहरा झटका लगा है। मालूम हो कि कार्यकर्ताओं में जोश फूंकने के मकसद से राहुल गांधी ने यूपी की बदहाल स्थिति को लेकर राजभवन तक कूच करने का ऐलान किया था।

सुरक्षा कारणों से अनुमति नहीं

कांग्रेस की कम्युनिकेशन विंग के चेयरमैन सत्यदेव त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार को कांग्रेस अनुशासन समिति के चेयरमैन रामकृष्ण द्विवेदी व विधायक आराधना मिश्रा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीएम राजशेखर से मुलाकात कर राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी थी और मार्च की अनुमति मांगी थी। बकौल सत्यदेव त्रिपाठी, डीएम ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि राहुल गांधी को एसपीजी सुरक्षा मिली है। इतनी बड़ी तादाद में लोगों का रमाबाई अंबेडकर स्थल से राजभवन तक मार्च निकालने से सुरक्षा समेत कई समस्याएं सामने आ सकती हैं। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल वापस लौट आया। उन्होंने कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि डीएम को इस बारे में सही स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

तैयारियां जोरों पर

सत्यदेव त्रिपाठी ने बताया कि रमाबाई अंबेडकर मैदान में 50 हजार कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी के सीधे संवाद के कार्यक्त्रम की तैयारियां तेजी से चल रही है। कार्यक्त्रम दोपहर 12 बजे से शुरू होकर शाम तक चलेगा। एसपीजी, प्रशासन और प्रदेश कंाग्रेस कमेटी के प्रतिनिधियों की बैठक आज रमाबाई अंबेडकर मैदान पर हुई और सभी कार्यक्रमों की रूपरेखा अंतिम रूप से तैयार की गई। वहीं 50 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए गुरुवार से राजधानी आने लगेंगे।