- राहुल गांधी के राफेल मुद्दे पर बयान के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे भाजपाई

- भाजपा और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के बीच हुई तीखी नोक-झोंक, कई कार्यकर्ता हुए चोटिल

DEHRADUN: राहुल गांधी के राफेल मुद्दे पर बयान के विरोध में प्रदर्शन कर रहे भाजपा और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोक-झोंक हो गई। मामला इतना बढ़ा कि भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस भवन में घुस गए और राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं के पोस्टर फाड़ डाले। इस दौरान मामले ने उस वक्त तूल पकड़ लिया, जब भाजपा की एक महिला कार्यकर्ता ने पुलिसकर्मी के थप्पड़ जड़ दिया। खींचतान और धक्का-मुक्की के बीच कुछ लोग गिरकर चोटिल हो गए। पुलिस ने सख्ती दिखाकर भीड़ को तितर-बितर किया। इधर, महिला पुलिसकर्मी ने भाजपाईयों के खिलाफ धारा चौकी में तहरीर दी है। जबकि, कांग्रेस की ओर से भाजपा महानगर अध्यक्ष विनय गोयल और विधायक विनोद चमोली के खिलाफ डीजीपी को शिकायती पत्र सौंपा है।

राहुल गांधी का फूंका पुतला

केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर महानगर भाजपा का बुधवार को कांग्रेस भवन कूच व राहुल गांधी का पुतला फूंकने का कार्यक्रम था। दोपहर करीब एक बजे प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट की अगुवाई में भाजपाई नारे लगाते हुए राजपुर रोड स्थित कांग्रेस भवन की ओर निकले। पुलिस ने पहले कनक चौक पर बेरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन भाजपाई बेरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए। इसके बाद पुलिस ने एस्लेहॉल चौक से पहले उन्हें रोका। यहां भाजपाईयों ने राहुल गांधी का पुतला फूंका। इस बीच कुछ भाजपाई बेरिकेडिंग पर करके कांग्रेस भवन की ओर दौड़ पड़े।

भाजपाईयों पर गुंडागर्दी का लगाया आरोप

पुलिस कर्मी भी उनके पीछे दौड़े तो मौका पाकर अन्य भाजपाई भी कांग्रेस भवन के गेट पर जा पहुंचे। इस बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा समेत अन्य कांग्रेसी भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गेट पर आ गए। यहां दोनों दलों के लोगों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। स्थिति मारपीट तक पहुंच गई। पुलिस ने भाजपाईयों को वापस धकेलने की कोशिश की, मगर भाजपाई कांग्रेस भवन की ओर बढ़ते गए। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की में धर्मपुर विधायक विनोद चमोली सड़क पर गिर गए। भाजपा महानगर महामंत्री राजेंद्र सिंह ढिल्लो को महिला पुलिस कर्मियों ने थप्पड़ जड़ दिए। राजेंद्र सिंह के हाथ में चोट लग गई। एक भाजपा महिला नेता मंजुला निगम भगदड़ के दौरान बेहोश गई। जबकि भाजपा कार्यकर्ता जयपाल वाल्मीकि को चोट लग गई। भाजपा के तीनों नेताओं को दून अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने भाजपाइयों पर गुंडागर्दी करने का आरोप लगाया।