-कांग्रेसजनों ने प्रदर्शन कर लगाया आरोप

-पार्टी को जुलूस निकालने से पुलिस प्रशासन ने रोका, हुई धक्का-मुक्की

VARANASI

पाक अधिकृत कश्मीर में सेना के जवानों का सर्जिकल स्ट्राइक अब राजनीतिक मुद्दा बन गया है। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से रविवार को कचहरी स्थित शास्त्री घाट पर प्रदर्शन कर आरोप लगाया गया कि भाजपा सेना के पराक्रम पर राजनीति कर रही है। इस दौरान कांग्रेसजनों ने पीएम मोदी का पुतला दहन करने की कोशिश की और शास्त्री घाट से जिला मुख्यालय तक जुलूस निकालने के लिए बढ़े लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान जमकर धक्का-मुक्की हुई।

राहुल के बयान को बताया सही

घाट पर आयोजित सभा में विधायक अजय राय ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के दौरान भी देश में कई बार सर्जिकल स्ट्राइक किया गया था लेकिन उसका राजनीतिक लाभ नहीं लिया गया। वर्तमान में केंद्र सरकार सेना के पराक्रम का राजनीतिक लाभ लेना चाहती है जो गलत है। पिछले दिनों राहुल गांधी द्वारा दिया गया बयान पूरी तरह से सही है। भाजपा के लोग उसे तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन के संरक्षण में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का पुतला फूंकने का प्रयास किया गया और जब यही कार्य कांग्रेस कार्यकर्ता करने गए तो उन्हें फोर्स ने रोक दिया। धारा क्ब्ब् का हवाला दिया गया। ऐसे में सवाल उठता है कि एक ही जिले में लागू कानून को लेकर दो तरह का मापदंड अपनाया जाना कैसे संभव है। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा, एमएलए अजय राय, पूर्व सांसद डॉ। राजेश मिश्रा, मणिशंकर पांडेय, सतीश चौबे, शैलेंद्र सिंह व अन्य लोग मौजूद थे।